सूर्य सप्तमी पर निकली चारदीवारी में शोभायात्रा

0
209
Procession took place in the boundary wall on Surya Saptami
Procession took place in the boundary wall on Surya Saptami

जयपुर। माघ शुक्ल सप्तमी मंगलवार को सूर्य सप्तमी भक्तिभाव से मनाई गई। ठिकाना मंदिर श्री गोविंददेवजी में सूर्य सप्तमी पर मंगला झांकी के बाद ठाकुर श्रीजी का पंचामृत अभिषेक कर केसरिया रंग की लप्पा जामा सर्दी पोशाक धारण करवाई गई। खीर और मालपुआ का भोग लगाया गया। अद्वैताचार्य महाप्रभु जयंती उपलक्ष्य में पूजन किया गया। गलता घाटी स्थित सूर्य मंदिर में मुख्य आयोजन हुआ।

मंदिर के पुजारी बसंत कुमार शर्मा, कामेश्वर प्रसाद शर्मा, अजय शर्मा ने सुबह वेद मंत्रोच्चार के साथ पंचामृत अभिषेक कर नवीन पोशाक धारण कराई। श्रृंगार आरती के बाद भगवान भाष्कर सात अश्वों पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले। गलता गेट से पूर्व बैंडबाजे, ऊंट, घोड़े, हाथी के लवाजमे के साथ शोभायात्रा की शुरुआत हुई। कनक बिहारी मंदिर के महंत सियारामदास, भाजपा नेता रवि नैयर, चंद्रमोहन बटवाड़ा, पं. राजकुमार चतुर्वेदी ने आरती कर शोभायात्रा को रवाना किया।

मंदिर के पुजारी कामेश्वर प्रसाद शर्मा ने बताया कि रामगंज चौपड़ पर नगर निगम के पूर्व चैयरमेन अजय यादव ने पुष्प वर्षा की और सूर्य भगवान की आरती उतारी। बड़ी चौपड़ होते हुए शोभायात्रा छोटी चौपड़ पहुंचेगी। यहां स्वामी अवधेशाचार्य महाराज, जयपुर नगर निगम हैरिटेज की महापौर कुसुम यादव, राजू मंगोड़ीवाला और संतों-महंतों ने सूर्य भगवान की आरती उतारी।

रथ छोटी चौपड़ की उल्टी परिक्रमा करते हुए उन्हीं मार्गों से होते हुए वापस सूर्य मंदिर पहुंचा। जलेबी चौक स्थित सूर्यनारायण मंदिर में पं. सुरेश शर्मा ने सूरज की पहली किरण के साथ वैदिक मंत्र उच्चारण विधि विधान के साथ पंचामृत अभिषेक किया। सात घोड़ों का रथ सजाया गया। बैंडबाजे के साथ आरती की गई। योगेश शर्मा, पं.विष्णु दत्त शर्मा, किशोर, किरण सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

सूर्य गायत्री मंत्र से दी आहुतियां:

सूर्य मंदिरों में श्रद्धालुओं ने स्वस्थ जीवन और आरोग्य की कामना के साथ भगवान सूर्य की विशेष आराधना की। भगवान सूर्य के समक्ष बैठकर आदित्य ह्रदय स्तोत्र का पाठ कर अघ्र्य प्रदान किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गलताजी जाकर स्नान किया। गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी में सूर्य गायत्री मंत्र के साथ आहुतियां प्रदान की गई। आमेर स्थित सूर्य मंदिर में भगवान भास्कर का पंचामृत अभिषेक कर नवीन पोशाक धारण कराई गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here