एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स की कार्रवाई : 1.18 करोड़ रुपये कीमत का 785 किलो अफीम डोडा चूरा से भरा ट्रक कंटेनर पकड़ा

0
317
Truck container full of 785 kg opium poppy powder worth Rs 1.18 crore seized
Truck container full of 785 kg opium poppy powder worth Rs 1.18 crore seized

जयपुर। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पुलिस मुख्यालय की टीम की सूचना पर प्रतापगढ़ जिले की छोटी सादड़ी थाना पुलिस ने नाकाबंदी में जयपुर नंबर के एक ट्रक कंटेनर को रुकवा 785 किलो अफीम डोडा चूरा जब्त कर आरोपी तस्कर रामलाल जाट (40) निवासी मावली जिला उदयपुर को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 1.18 करोड़ रुपए आंकी गई है। फिलहाल आरोपी तस्कर से पूछताछ की जा रही है।

एजीटीएफ एडीजी दिनेश एमएन द्वारा मादक पदार्थ तस्करों विशेषकर मध्य प्रदेश के सीमावर्ती जिलों के तस्करों को चिन्हित कर उन पर विशेष निगरानी रख कार्रवाई के निर्देश दिये गये है। इसी क्रम में टीम को सूचना मिली कि डाक पार्सल लिखे जयपुर नम्बर का एक ट्रक कन्टेनर प्रतापगढ़ से डोडाचूरा भरकर जोधपुर की तरफ जा रहा है। ट्रक के छोटीसादड़ी थाना क्षेत्र की सीमा में प्रवेश की सूचना पर स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने गोमाना चौराहा ओवर ब्रिज से आगे मधुवन होटल के सामने निम्बाहेडा रोड पर बेरिकेटस लगा नाकाबन्दी कर सख्ती से चैकिंग शुरू की गई।

39 कट्टों में मिला 785 किलो अफीम डोडा चूरा

इसी दौरान जयपुर नम्बर का उक्त ट्रक कंटेनर रामदेव जी की तरफ से आता दिखाई दिया। जिसे हाथ का ईशारा देकर रोकना चाहा तो कंटेनर चालक ने नाकाबंदी स्थल से करीब 20 मीटर की दूरी पर रोक कर कंटेनर से उतरकर भागने की कोशिश की। जिसे घेर कर पुलिस ने पकड़ लिया। कन्टेनर के अन्दर जूट की खाली बोरियों के 40 बन्डल पड़े हुये थे। उक्त बोरियों के बन्डल के आगे प्लास्टिक के कुल 39 कट्टे मिले। जिनमें अफीम डोडा चूरा कुल वजन 785 किलो भरा था।

प्रतापगढ़ से जोधपुर सप्लाई की जा रही थी

पूछताछ में आरोपी चालक राम लाल जाट ने बताया कि मनोज जाट पुत्र गेहरी लाल निवासी दाता थाना कपासन जिला चित्तौडगढ़ ने फतेहनगर से कन्टेनर देकर रवाना किया था। रास्ते मे अम्बावली गांव के पास सुनसान में सुनिल मीणा पुत्र कारु लाल निवासी गमेरपुरा व उसके साथियों द्वारा मनोज के कहे अनुसार पिकअप व मोटरसाइकिल से कंटेनर में अफीम डोडाचूरा भरवाया। यह डोडा चूरा वह मनोज जाट के कहने पर जोधपुर सिटी से बाहर मामा उर्फ सुनील नाम के व्यक्ति को देने जा रहा था। मनोज ने उसे इस काम के लिए एक मोबाइल मय सिम भी दी थी।

जेल में बंद तस्कर कमल राणा गैंग के है सदस्य

सभी आरोपी जेल में बंद कुख्यात तस्कर कमल राणा गैंग के सदस्य हैं, जो निरंतर मादक पदार्थ तस्करी में सक्रिय है। गिरफ्तार आरोपी रामलाल जाट और मनोज जाट के विरुद्ध लूट एवं एनडीपीएस के कई मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। साल 2022 में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो द्वारा 24 क्विंटल अफीम डोडा चूरा जब्त किया था। जिसमें यह दोनों आरोपी जेल गए थे। तस्कर रामलाल करीब 1 साल पहले और मनोज करीब 3 महीने पहले जमानत पर बाहर आए थे तभी से दोनों मादक पदार्थ की तस्करी कर रहे थे। मनोज जाट पहले कमल राणा को तस्करी के लिए वाहन व मोबाइल सिम उपलब्ध कराता था। अब इस गैंग के सदस्यों को उपलब्ध करा रहा है।

आरोपी सुनील मीणा है एक लाख का इनामी

सुनील मीणा पुत्र कालू राम निवासी गेमरपुरा थाना जीरन जिला नीमच मध्यप्रदेश थाना छोटीसादड़ी जिला प्रतापगढ़ के 7 मुकदमों में वांछित है। सभी प्रकरण मादक पदार्थ तस्करी के दौरान पुलिस पर फायरिंग के है। कमल राणा गैंग का यह बदमाश हमेशा अपने साथ अवैध हथियार रखता है। पुलिस थाना चारभुजा राजसमंद, देसूरी पाली और जोधपुर में वांटेड है। इसकी गिरफ्तारी के लिए जनवरी 2025 में एडीजी एमएन द्वारा इस पर 1 लाख का ईनाम घोषित किया गया था।

इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल महावीर सिंह एवं कांस्टेबल नरेंद्र पाटीदार की विशेष भूमिका रही। आरोपी की गिरफ्तारी और मादक पदार्थ की जब्ती में थाना छोटीसादड़ी के एसआई नारायण लाल, एएसआई भंवर लाल, हैड कांस्टेबल नरपत सिंह, ओमवीर सिंह, कांस्टेबल राजकुमार, धर्मेंद्र और हरेंद्र शामिल थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here