जयपुर। विश्व पर्यावरण दिवस पर राजधानी में अनेक आयोजन हुए। बनीपार्क के भृगु मार्ग स्थित डी सर्किल उद्यान में नव दुर्गा वाटिका की स्थापना की गई। जयपुर नगर निगम हेरीटेज के चेयरमैन रवि प्रकाश सैनी के मार्गदर्शन में हुए आयोजन में पर्यावरण गतिविधि के प्रांत प्रमुख अशोक शर्मा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक मुरली मनोहर, जुगल किशोर, बनीपार्क नगर संघचालक चन्द्रदीप मेरटवाल, अमित, अरुण जोशी, शिव अग्रवाल, पर्यावरण संरक्षण के प्रमुख और बनीपार्क के प्रबुद्धजन भी उपस्थित हुए।
रवि प्रकाश सैनी ने लोगों से एक पौधा हर जगह लगाने का आह्वान किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पर्यावरण गतिविधि की ओर से वृक्ष कथा का आयोजन किया गया। पर्यावरण गतिविधि के प्रांत संयोजक अशोक कुमार शर्मा ने लोगों से बड़, पीपल, नीम के साथ-साथ छायादार वृक्ष लगाने का आह्वान किया।
इस मौके पर मांग्यावास सामुदायिक केन्द्र और बालाजी मंदिर प्रांगण में पौधरोपण किया गया न्यू लोहामंडी रोड स्थित झुग्गी बस्ती में उत्थान सेवा संस्थान द्वारा नि:शुल्क संचालित अपनी बाल संस्कार पाठशाला के प्रांगण में पर्यावरण दिवस मनाया गया। पर्यावरण संरक्षण के उपायों पर चर्चा की गई। बालक-बालिकाओं ने अपने हाथों से पौधारोपण किया।