जयपुर। भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर प्रदेश की जनता का विश्वास अर्जित करते हुए नगरीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के उपचुनावों में ऐतिहासिक विजय प्राप्त की है। पार्टी ने पूर्व में प्राप्त सीटों से लगभग दोगुनी सीटों पर विजय दर्ज करते हुए कुल 36 में से 27 सीटों पर कमल खिलाया है और एक जीत भाजपा समर्थित प्रत्याशी की हुई। इस प्रकार कुल 28 सीटें भाजपा के खाते में आई। यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रिय नीतियों एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रतिफल है, जिसे जनता ने खुले मन से स्वीकारा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पार्टी के सभी विजयी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह जीत प्रदेश की जनता के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जनता का भाजपा पर विश्वास लगातार बढ़ रहा है, जो कि इस उपचुनाव में साफ तौर पर दिखाई दिया। उन्होंने बताया कि इससे पहले भाजपा के पास 36 में से केवल 15 सीटें थीं, जबकि इस बार पार्टी ने 27 सीटों पर जीत दर्ज की है।
प्रदेश कांग्रेस के लिए यह उपचुनाव निराशाजनक रहा। कांग्रेस जिन 15 सीटों पर पहले काबिज थी, उनमें से अब केवल 4 पर ही सिमट कर रह गई है। यह कांग्रेस के गिरते जनाधार और नेतृत्व की विफलता को दर्शाता है। राठौड़ ने बताया कि प्रदेश की जनता ने केंद्र और राज्य सरकार की विकासोन्मुख, पारदर्शी व जनहितकारी नीतियों पर अपनी मुहर लगाई है। भाजपा कार्यकर्ता और नेतृत्व प्रदेश की जनता के इस विश्वास को आगे भी कायम रखने हेतु कृतसंकल्पित है और हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि जिला परिषद की 6 में से 5 सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। इसी प्रकार पंचायत समिति के 18 सीटों पर हुए उपचुनावों में भाजपा ने 12 पर विजय प्राप्त की, जबकि कांग्रेस को मात्र 3 सीटों पर संतोष करना पड़ा। शेष 3 सीटों पर अन्य दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों को जीत मिली है। नगर पालिका उपचुनावों में भी भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया है। कुल 12 सीटों में से 10 पर भाजपा के प्रत्याशियों ने जीत का परचम लहराया है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा है कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा आए दिन अनर्गल और बेबुनियाद बयानबाजी कर जनता को गुमराह करने की कोशिश करते हैं, लेकिन अब प्रदेश की जनता ने उन्हें एक बार फिर करारा जवाब दिया है।
नगर निकाय चुनावों में लक्ष्मणगढ़ – जो कि स्वयं डोटासरा की विधानसभा सीट है – वहां कांग्रेस प्रत्याशी की करारी हार इस बात का सबूत है कि जनता कांग्रेस के झूठ और ढकोसले को अब और बर्दाश्त नहीं करेगी। डोटासरा अपनी ही सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार को जिताने में नाकाम रहे, जो कांग्रेस नेतृत्व की जमीनी हकीकत को उजागर करता है।
राठौड़ ने कहा कि “डोटासरा भाजपा पर झूठा प्रचार करने में व्यस्त हैं, लेकिन उनके अपने क्षेत्र की जनता ने उन्हें ही आईना दिखा दिया है। यह हार सिर्फ एक सीट की नहीं, बल्कि कांग्रेस की नीतियों और ढकोसलेबाज़ी की हार है।” कांग्रेस अब केवल झूठ बोलने, भ्रम फैलाने और जनता को धोखा देने वाली पार्टी बनकर रह गई है।
जनता ने साफ संदेश दे दिया है कि उन्हें विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद चाहिए – और ये सिर्फ भारतीय जनता पार्टी ही दे सकती है। यह परिणाम न सिर्फ कांग्रेस के खोखले दावों को उजागर करता है, बल्कि भाजपा की नीति, नीयत और नेतृत्व में जनता के विश्वास को भी मजबूती से स्थापित करता है।