भगवान श्री गणेश का शुक्र पुष्य नक्षत्र में पंचामृत अभिषेक

0
281
Panchamrit Abhishek of Lord Shri Ganesha in Venus Pushya Nakshatra
Panchamrit Abhishek of Lord Shri Ganesha in Venus Pushya Nakshatra

जयपुर। राजधानी जयपुर में शुक्र पुष्य नक्षत्र में शुक्रवार को भगवान गणेश की विशेष आराधना की गई। शहरभर के गणेश मंदिरों में गणपति का दूध और पंचामृत से अभिषेक सहित कई आयोजन हुए। श्रद्धालुओं द्वारा अष्टोत्तरशत नामावली पाठों से प्रथम पूज्य से सुख-समृद्धि की कामना की गई। वहीं शुक्रवार सुबह से ही गणेश मंदिरों में पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हुआ जो देर रात तक चला।

भगवान गणेश को पुष्य स्नान के साथ ही मोदक अर्पण का दौर चला। इस विशेष अवसर पर शहर के गढ़ गणेश मंदिर, मोती डूंगरी गणेश मंदिर,नहर के गणेश जी,श्वेत सिद्धि विनायक मंदिर, ध्वजा धीश गणेश,दिल्ली रोड बंगाली बाबा गणेश मंदिर,आगरा रोड स्थित गंगोत्री गणेश मंदिर सहित गणेश विभिन्न मंदिरों में पंचामृत अभिषेक व विशेष श्रृंगार सहित कई धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुए।

चांदपोल परकोटा गणेश मंदिर प्रथम पूज्य का 101 किलो दूध और पंचामृत से अभिषेक

चांदपोल स्थित परकोटा गणेश मंदिर में शुक्र पुष्य नक्षत्र पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान हुए । प्रथम पूज्य का 101 किलो दूध और पंचामृत से भगवान गणेश का अभिषेक किया गया। इस कड़ी में सर्वप्रथम महंत पंडित अमित शर्मा के सानिध्य में गणेश जी महाराज का दूध, दही, शहद, गंगाजल, केवड़ा ,गुलाब जल व केसर जल से गणेश जी महाराज का अभिषेक किया गया। इसके तत्पश्चात गणेश जी महाराज को सिंदूर का चोला चढ़ाकर नवीन पोशाक धारण कराई गई। वहीं गणेश जी महाराज को गणपति अथर्वशीर्ष व गणपति अष्टोत्तर नामावली से मोदक अर्पण कर भक्तों को गणेश जी व लक्ष्मी स्वरूप हल्दी की गांठ व सुपारी वितरित की गई। इस अवसर पर भक्तगण सामूहिक गणपति अथर्वशीर्ष के पाठ कर गणेश जी महाराज को दूर्वा अर्पण की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here