जयपुर। राजधानी जयपुर हरमाड़ा थाना इलाके में एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना ने पूरे शहर को सदमे में डाल दिया है। जहां सोमवार को दोपहर में हरमाड़ा के लोहा मंडी कट पर हुआ सड़क हादसा अब तक का सबसे बड़ा हादसा बताया जा रहा है। जहां तेज रफ्तार डंपर ने जिस तरह से कोहराम मचाया उसे देखकर जयपुर शहर ही नहीं बल्कि पूरा राजस्थान सन्न रह गया। सड़क पर मौत बनकर दौड़े इस डंपर ने एक ही झटके में 14 लोगों को मौत की नींद सुला दिया और करीब 15-20 लोगों को अस्पताल पहुंचा दिया। डंपर ने कई कारों और बाइक्स को टक्कर मारी। इसके बाद वह एक कार पर ही पलट गया।
इस हादसे को देखकर हरमाड़ा में अफरा—तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डंपर चालक नशे की हालत में था। हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है क्योंकि वह खुद गंभीर रूप से जख्मी है। पुलिस उसका मेडिकल मुआयना करवाएगी। उसके बाद ही वास्तविकता सामने आएगी। इस हादसे के जो वीडियो सामने आए हैं वो दिल को दहला देने वाले हैं। इसमें डंपर तूफानी गति से सड़क पर दौड़ता हुआ नजर आ रहा है। वह राह चलते लोगों को रौंदता हुआ दौड़ रहा था। इसके बाद में करीब 10 से 15 बाइक और तीन-चार कारों को टक्कर मारता हुआ एक कार पर पलट गया।

जयपुर कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि डंपर सोमवार दोपहर एक बजे लोहा मंडी से नंबर-14 होते हुए हाईवे की ओर जा रहा था। उसी दौरान अचानक चालक ने डंपर से नियंत्रण खो दिया और करीब 500 मीटर तक एक दर्जन से अधिक वाहनों को कुचलता हुआ एक दीवार से टकरा गया। उन्होंने बताया कि डंपर द्वारा कुचले गए वाहनों में करीब 50 लोग सवार थ। जिनमें से 14 की मौत हो गई और 22 से अधिक घायल हैं।
हादसे के बाद लगा लंबा जाम
इस हादसे के बाद लोहा मंडी और विश्वकर्मा इलाके में लंबा जाम लग गया। ऐसे में पुलिस को ट्रैफिक को दूसरे मार्ग की ओर मोड़ना पड़ा।पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से डंपर और अन्य क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर ट्रैफिक सुचारू कराया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद का मंजर काफी भयानक था। सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहन और क्षत-विक्षत शव बिखरे पड़े थे। हर कोई सोचकर ही सिहर उठा।
चिकित्सा मंत्री ने की चौदह लोगों की मौत की पुष्टि
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने चौदह लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि छह लोग गंभीर रूप से घायल हैं उनका एसएमएस अस्पताल में इलाज चल रहा है। दो घायल सीकेएस अस्पताल में भर्ती हैं और घायल कांवटिया अस्पताल में हैं। वहीं गंभीर घायलों के इलाज की लगातार की निगरानी जा रही है। उन्होंने कहा कि घायलों को बेहतर इलाज देने के निर्देश दिए गए हैं। वरिष्ठ चिकित्सक उन पर नजर बनाए हुए हैं। इस हादसे में गुजरात के भी दो लोगों की मौत हुई है। गुजरात का यह परिवार एक कार में सवार था। उनमें से दो की मौत हो गई और दो घायल है। ये लोग कार में खाटूश्याम जी दर्शन करने जा रहे थे।

नशे में था डंपर चालक
डंपर रुकने का नाम ही नहीं ले रहा था और जो भी रास्ते में आया। उसे कुचलता चला गया। चारों तरफ चीख-पुकार मच गई थी। इस हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि हादसे में पांच वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। मरने वालों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। लेकिन परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। शुरुआती जांच में पता चला है कि डंपर चालक शराब के नशे में था। पुलिस ने उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया है और पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि चालक की लापरवाही और नशे की वजह से यह भयावह हादसा हुआ
लोहा मंडी में इलाके में हुआ हादसा
चौमू प्रोबेशनल आईपीएस उषा शर्मा ने बताया कि हरमाड़ा थाना इलाके के लोहा मंडी में रोड नंबर 14 पर कोहराम मचाने वाला यह डंपर कहां से आया था और कहां जा रहा था इसका अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। इस हादसे की भयावहता देखकर लोग कांप गए। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस और प्रशासन के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। जहां घायलों को हाथों—हाथ ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एसएमएस अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। बाकी ग्यारह ने अस्पताल पहुंचने के दौरान और इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा तफरी मच गई।
डंपर चालक की कार मालिक से हुई थीं तू तू मैं मैं
हरमाड़ा थाने के हैड कांस्टेबल रविंद्र ने बताया कि पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटनास्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले एक पेट्रोल पंप के बाहर डंपर चालक राजेश मीणा (35) निवासी चोमूं कि एक कार सवार से कहासुनी हुई थी। इसके बाद नशे में ड्राइवर डंपर को भगाकर ले गया था। रॉग साइड में दौड़ाते हुए बाइक को टक्कर मारी। बाइक को टक्कर मारने पर लड़के पीछे लग गए। चालक ओवर स्पीड में डंपर भगाने लगा। और गाड़ियों को टक्कर मारते हुए अजमेर दिल्ली हाईवे के लोहा मंडी कट के पास ट्रेलर से टकराकर रुक गया हादसे के दौरान कई लोगों के कपड़े तक फट गए थे। ऐसे में आस-पास के लोगों ने सभी शवों को एक तरफ किया। इसके बाद जिन लोगों के कपड़े तक फट गए थे। उनके शरीर को उनके पास रखे कपड़े और गमछों से ढका।

सौ से अधिक की स्पीड में दौड़ा रहा था डंपर
पुलिस का कहना है कि हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें डंपर चालक सौ से अधिक की स्पीड में डंपर दौड़ता हुआ नजर आ रहा है। जो वाहनों को अपनी चपेट में लेते हुए लोगों को भी कुचलता हुआ दिख रहा है। शराब के नशे में मिले डंपर चालक को लोगों ने मौके पर ही पकड़ लिया था। और उसकी जमकर पिटाई कर दी पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है।अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई वाहन एक-दूसरे से भिड़ गए। जबकि कुछ बाइकें डंपर के नीचे फंस गईं। हादसे के बाद सड़क पर बड़े क्षेत्र में वाहनों के मलबे और शव बिखरे पड़े थे, जिससे पूरा इलाका युद्धक्षेत्र जैसा नजर आ रहा था।
गुटखा खाने रुके दो हलवाई भाई
हरमाड़ा थाना क्षेत्र में लोहा मंडी रोड पर उस समय चीख-पुकार मच गई, जब एक बेकाबू डंपर ने सड़क किनारे खड़े दो सगे भाइयों को रौंद डाला। हादसे में मुरली (32) और सुरेश (28) नामक दोनों हलवाई भाइयों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दोनों पूरे दिन एक शादी समारोह में मिठाई बनाने का काम निपटाकर घर लौट रहे थे।इसी दौरान दोनों गुटखा खाने के लिए दुकान के पास रुके, यह उनके जीवन का आखिरी पल साबित हुआ। चश्मदीदों ने बताया कि दोनों भाई दुकान के पास खड़े होकर गुटखा ले रहे थे। तभी जोधपुर की ओर से आ रहा डंपर अचानक बेकाबू हो गया। डंपर की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक ने ब्रेक लगाने की कोशिश भी नहीं की। डंपर सीधे दोनों भाइयों पर चढ़ गया और उन्हें कई मीटर तक घसीटता चला गया। हादसे के बाद डंपर एक दीवार से टकराकर रुका। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसएमएस अस्पताल भिजवाया।
हादसे पर नेताओं ने जताया दुख
हरमाड़ा तेज रफ्तर डंपर के कई वाहनों को चपेट में लेने से चौदह लोगों की हुई मौत के मामले में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, डिप्टी सीएम दीया कुमारी, डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा, गजेंद्र सिंह शेखावत, हनुमान बेनीवाल समेत कई नेताओं ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। वहीं,राज्यपाल ने हरमाड़ा क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से मृतकों की पुण्यात्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को ये दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है। उन्होंने हादसे में घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की है। इसी प्रकार डिप्टी सीएम दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा ने भी हादसे पर शोक जताया है।




















