जयपुर टाइगर फेस्टिवल आज से: जेकेके में सजेगी बाघों की दुनिया

0
87
Jaipur Tiger Festival starts today.
Jaipur Tiger Festival starts today.

जयपुर। वन्यजीव संरक्षण की प्रदेशव्यापी मुहिम के रूप में पहचान बना चुका जयपुर टाइगर फेस्टिवल कला, साहित्य और संस्कृति के रंगों के साथ आयोजित होने जा रहा है। राजस्थान हेरिटेज, आर्ट एंड कल्चरल फाउंडेशन की ओर से जवाहर कला केन्द्र की सहभागिता में 11 से 14 दिसंबर तक शिल्पग्राम में फेस्टिवल होगा। 11 दिसंबर को शाम 4 बजे राजस्थान के महामहिम राज्यपाल श्री हरिभाऊ किसनराव बागड़े फेस्टिवल का उद्घाटन करेंगे। वहीं उदयपुर के पूर्व राजपरिवार के सदस्य लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ और पूर्व प्रशासनिक अधिकारी पवन अरोड़ा बतौर विशिष्ट अतिथि हिस्सा लेंगे।

चार दिवसीय 7वें जयपुर टाइगर फेस्टिवल में सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक फोटो-स्केच प्रदर्शनी, वर्चुअल शो, स्टोरी टेलिंग, पंचतंत्र कथाएं, साहित्यिक संवाद, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और ओपन स्टेज सहित कई विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। फेस्टिवल में न केवल कला, संगीत और लोक परंपरा का खूबसूरत संगम होगा, बल्कि बाघ संरक्षण, एथिकल सफारी, प्रकृति-प्रेम और जिम्मेदार पर्यटन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर आधारित विशेष चर्चाएँ भी होंगी। वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली हस्तियों और प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

योग से शुरुआत शाम को संगीत का सुकून

फेस्टिवल में प्रतिदिन 10 बजे से योगा सेशन होगा। पहले दिन नीरज चंद्रा स्टोरी टेलिंग, उमा जोशी पंचतंत्र कथाओं का सेशन लेंगी। ओपन स्टेज के बाद शाम 4 बजे से उद्घाटन समारोह होगा, इसके बाद राजस्थानी संगीत संस्था सजेगी। 12 दिसंबर को सुबह 10:30 से 11 बजे तक नीरज चंद्र का स्टोरी टेलिंग सेशन होगा। आरुण्या प्रशार ‘एथिकल सफारी’ पर कविता एवं अभिनय की प्रस्तुति देंगे। इसके बाद उमा जोशी पंचतंत्र कथाओं का सेशन लेंगी। दर्श पेसवानी ‘प्रीकर्शन पल्स’ सेशन लेंगे। ओपन स्टेज के बाद आरपीएस सिद्धांत शर्मा का स्टोरी टेलिंग सेशन होगा। शाम 5 से 7:30 बजे तक युवा कलाकार राहगीर अपनी कविताओं और गीतों से संगीतमय महफिल को गुलजार करेंगे।

बाघों पर मंथन और वाइल्ड लाइफ फिल्ममेकर सुब्बैया नल्ला मुत्थु की मास्टर क्लास

13 दिसंबर को योग और स्टोरी टेलिंग सेशन के बाद सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक वाइल्डलाइफ फिल्ममेकर सुब्बैया नल्ला मुत्थु, फोटोग्राफर अपारूपा डे, संगीतकार और गायक अभिषेक रे टॉक शो में अपने विचार रखेंगे। बाघों पर गौरव नक्रा की पुस्तक का विमोचन भी इस दौरान होगा। ‘बाघ’ नामक पुस्तक पर अभिषेक रे संवाद व स्टोरी टेलिंग सेशन लेंगे। पंचतंत्र कथा सेशन के बाद सायं 5: से 07:30 बजे तक डॉ. रीला होता एवं टीम के कलाकार ओडिसी नृत्य की प्रस्तुति देंगे, म्यूजिक परफॉर्मेंस के साथ शाम का समापन होगा। 14 दिसंबर को योगा शो, स्टोरी टेलिंग, पंचतंत्र कथा, ओपन स्टेज के बाद दोपहर 3 से शाम 4 बजे तक सुब्बैया नल्ला मुत्थु मास्टर क्लास लेंगे। कथक की मनोरम प्रस्तुतियों के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here