जयपुर। नगर निगम जयपुर के आयुक्त डॉ. गौरव सैनी के निर्देश पर शहरभर में दस दिवस–दस स्थल सघन सफाई अभियान की शुरुआत शनिवार से हुई। इस अभियान के अंतर्गत नगर निगम के सभी जोनों में जोन उपायुक्तों के नेतृत्व में विभिन्न वार्डो में एक साथ व्यापक स्तर पर सफाई कार्य किए जा रहे हैं। अभियान को सफल बनाने में स्थानीय व्यापारियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों का सक्रिय सहयोग मिल रहा है, जिससे स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दिया जा रहा है।
निगम आयुक्त डॉ गौरव सैनी ने बताया कि दस दिवस–दस स्थल सघन सफाई अभियान का उद्देश्य केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि जयपुर शहर में स्थायी स्वच्छता संस्कृति विकसित करना है। नगर निगम की टीमों के साथ-साथ आमजन, व्यापारी एवं सामाजिक संगठनों की सहभागिता से ही यह अभियान सफल हो सकता है। स्वच्छता सामूहिक जिम्मेदारी है और इसके लिए प्रत्येक नागरिक को आगे आना होगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष क्यूआरटी टीम बनाकर अभियान के दौरान की गई सफाई व्यवस्था को नियमित रूप से बनाए रखा जाए तथा नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। निगम आयुक्त ने बताया कि दस दिन – दस स्थल सघन सफाई अभियान के तहत वार्डो में जाकर गंदगी वाले स्थानों पर सफाई की जा रही है। इस अभियान में जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जो कि आमजन को सफाई करने के लिए प्रेरित करेंगे।
सिविल लाइन जोन के सुल्तान नगर में चला विशेष सघन सफाई अभियान
सिविल लाइन जोन में उपायुक्त देवानंद शर्मा के नेतृत्व में वार्ड संख्या 54, सुल्तान नगर क्षेत्र में विशेष एवं सघन सफाई अभियान संचालित किया गया। इस दौरान क्षेत्र की मुख्य सड़कों, गलियों एवं सार्वजनिक स्थलों को पूरी तरह स्वच्छ किया गया।
कचरा प्वाइंट्स की गहन सफाई, झाड़ू लगाकर कचरे का तत्काल उठाव सुनिश्चित किया गया। साथ ही स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर कचरा निर्धारित स्थानों पर डालने और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की गई।
अन्य जोनों में भी एक साथ चला स्वच्छता अभियान
किशनपोल जोन: चांदपोल सर्किल से चांदपोल गेट तक विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान व्यापारियों को सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं फैलाने की समझाइश की गई।
आदर्श नगर जोन:घाटगेट से सीमा होटल तक चले इस अभियान में क्यूआरटी टीम के साथ नगर निगम जयपुर के आयुक्त डॉ. गौरव सैनी के आदेशानुसार 10 दिन – 10 स्थान विशेष सफाई अभियान के अंतर्गत आदर्श नगर जोन में भी सघन सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान जोन क्यूआरटी टीम एवं संबंधित वार्ड के सफाई कर्मचारियों द्वारा घाटगेट से सीमा होटल मार्ग पर व्यापक स्तर पर सफाई कार्य किया गया।
अभियान के तहत सड़क किनारे जमा मलबा, मिट्टी एवं कचरे के ढेरों को हटाकर मार्ग की सघन सफाई कराई गई, जिससे क्षेत्र की साफ-सफाई व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ। इस अवसर पर जोन उपायुक्त राजेन्द्र कुमार, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक मौजूद रहे।
हवामहल जोन में जोन उपायुक्त सीमा चौधरी के नेतृत्व में ठाठर रोड से नई माता मंदिर तक विशेष सफाई अभियान चलाया गया।
मुरलीपुरा जोन में जय विलास चौराहे से इंडटा गार्डन तक, विद्याधर नगर जोन में काली माता मंदिर से सुंदर नगर चौराहे तक, वैशाली नगर जोन में खिरनी फाटक से सिरसी अंडरपास तक, मानसरोवर जोन में मांगावास हाईटेंशन लाइन के नीचे, सांगानेर जोन में नटराज फैक्ट्री रोड, जगतपुरा जोन में मुहाना गांव, झालाना जोन में रेलवे ऑफिस से जवाहर सर्किल तक, मालवीय नगर जोन में गिरधर मार्ग पर सफाई अभियान चलाया गया।




















