जयपुर। पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने राजस्थान की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में महंगाई—बेरोजगारी और आमजन पर बढ़ती रोटी की मार जैसे गंभीर मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए भाजपा सरकार रोज नए-नए मनगढ़ंत विवाद खड़े कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता के असल सवालों से बचने के लिए ओएमआर शीट जैसे विषयों को जानबूझकर तूल दिया जा रहा है।
खाचरियावास ने कहा कि जिन भाजपा मंत्रियों और नेताओं को दसवीं और मैट्रिक के बीच का फर्क तक नहीं पता। वे आज ओएमआर शीट पर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि देश में राजस्थान की कांग्रेस सरकार पहली ऐसी सरकार रही। जिसने पेपर लीक जैसी गंभीर समस्या पर कैबिनेट में कठोर कानून बनाकर पेपर चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश में 19 से अधिक पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं। लेकिन सरकार इस पर पूरी तरह मौन है। उन्होंने कहा कि अपनी दो साल की विफलताओं को छिपाने के लिए भाजपा सरकार जनता का ध्यान भटकाने वाले मुद्दों को हवा दे रही है।
खाचरियावास ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और रोजगार के संकट से जूझ रही है और भाजपा सरकार को इन मूलभूत सवालों पर जवाब देना चाहिए, न कि ध्यान भटकाने की राजनीति करनी चाहिए।



















