जयपुर। माघ शुक्ल एकादशी गुरुवार को जया एकादशी के रूप में मनाई गई। श्रद्धालुओं ने व्रत रखा और मंदिरों में जाकर दर्शन किए। आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर में में जया एकादशी पर ठाकुर श्रीजी ने लाल रंग का मनोहारी नटवर वेश धारण कर भक्तों को दर्शन दिए। मंदिर प्रांगण में प्रात:काल से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
मंगला झांकी के बाद महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में ठाकुर श्रीजी का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंचामृत अभिषेक किया गया। इसके बाद विशेष श्रृंगार कर नटवर वेश धारण कराया गया। ग्वाल झांकी के बाद विधिवत पूजन संपन्न हुआ।
इस अवसर पर ठाकुर श्री शालिग्राम जी भगवान (नारायण जी) का भी वेद मंत्रों के साथ पंचामृत अभिषेक कर श्रृंगार किया गया। आरती कर भगवान को विशेष भोग अर्पित किए गए। हरिनाम संकीर्तन की मधुर स्वर लहरियों के बीच भक्तों ने बड़ी परिक्रमा कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
सुभाष चौक पानों का दरीबा स्थित श्री शुक संप्रदाय की प्रधान पीठ श्री सरस निकुंज में शुक संप्रदाय पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज के सान्निध्य में एकादशी उत्सव मनाया गया। श्री राधा सरस बिहारी सरकार का वेदोक्त मंत्रोच्चार के साथ पंचामृत अभिषेक कर ऋतु पुष्पों से श्रृंगार किया गया।
श्री सरस परिकर के प्रवक्ता प्रवीण बड़े भैया ने बताया कि शाम को एकादशी के पदों का गायन किया गया। पुरानी बस्ती के गोपीनाथ जी, चौड़ा रास्था के राधा दामोदर जी, मदन गोपाल जी, त्रिपोलिया बाजार के विनोदी लाल जी, रामगंज बाजार के लाड़लीजी, चांदनी चौक स्थित बृज निधि जी सहित अन्य वैष्णव मंदिरों में एकादशी पर ठाकुरजी की विशेष झांकी सजाई गई।




















