जयपुर। पुरानी बस्ती स्थित प्राचीन राधा गोपीनाथ मंदिर में भगवान राधा गोपीनाथ का 523वां पाटोत्सव माघी पूर्णिमा के अवसर पर रविवार को श्रद्धा और भक्ति भाव से मनाया जाएगा। पाटोत्सव को लेकर मंदिर में दिनभर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
मंदिर के महंत सिद्धार्थ गोस्वामी ने बताया कि पाटोत्सव के अवसर पर प्रातः तिथि पूजा के साथ ठाकुरजी का पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात भगवान को गुजरात के सूरत से विशेष रूप से बनकर आई नवीन पीत पोशाक धारण कराई जाएगी।
सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मंदिर परिसर में भजन-संकीर्तन का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे रहेंगे। सायंकाल भगवान राधा गोपीनाथ की छप्पन भोग की भव्य झांकी सजाई जाएगी, जिसके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। पाटोत्सव को लेकर मंदिर को आकर्षक रूप से सजाया गया है और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है।




















