जयपुर। जयपुर शहर में रविवार को श्री साईं धाम के 20वें स्थापना दिवस के अवसर पर साईं बाबा की भव्य पालकी यात्रा निकाली जाएगी। वहीं बैंड-बाजों के साथ निकलने वाली इस शोभायात्रा में श्रद्धालु नाचते-गाते बाबा का जयघोष करते हुए शामिल होंगे। आयोजन के दूसरे दिन सोमवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। जिसमें शहरभर से हजारों श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे।
यह दो दिवसीय आयोजन बापू नगर स्थित मोती पार्क के श्री साईं बाबा मंदिर प्रांगण में होगा। इस कार्यक्रम को लेकर शनिवार को पोस्टर विमोचन किया गया। इस अवसर पर श्वेता शर्मा, प्रिया यादव, सुधा, शर्मिला, अनीता, आरती, पायल सविता, पूजा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम संयोजक श्वेता शर्मा ने बताया कि दो दिवसीय आयोजन की शुरुआत 1 फरवरी (रविवार) को काकड़ आरती एवं मंगल स्नान के साथ होगी। सुबह 5 बजे काकड़ आरती व मंगल स्नान के बाद सुबह 9 बजे हवन आयोजित किया जाएगा। दोपहर में मध्यान्ह आरती होगी तथा इसके पश्चात भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। शाम 5 बजे धूप आरती के बाद शाम 6 बजे साईं बाबा की भव्य पालकी यात्रा निकाली जाएगी। स्थापना दिवस के अवसर पर साईं बाबा का भव्य फूलों से श्रृंगार किया जाएगा। रंग-बिरंगे पुष्पों से सुसज्जित बाबा की प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी।
पालकी यात्रा हाथी, घोड़े और ऊंट के लवाजमे के साथ बापू नगर के विभिन्न मार्गों से नगर भ्रमण करेगी। यात्रा मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा की जाएगी तथा श्रद्धालु दीप प्रज्ज्वलन कर बाबा की आरती करेंगे। देर रात 10 बजे शयन आरती होगी । आयोजन के दूसरे दिन 2 फरवरी (सोमवार) को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। जिसमें शहर भर से हजारों श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे।




















