जयपुर। प्रदेश में सक्रिय पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से बारिश का दौर लगातार बना हुआ है। रविवार को जयपुर सहित करीब आधा दर्जन शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। कोटा में ओलावृष्टि देखने को मिली। इससे रबी की फसलों को नुकसान पहुंचा है। बारिश का यह दौर आगे भी जारी रहने की संभावना है। बादल छाने से अधिकांश शहरों में पारे में उछाल देखने को मिला।
इससे आमजन को तेज सर्दी से राहत मिली है। प्रदेश के कई शहरों में घना कोहरा भी देखने को मिला। इससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को जयपुर, अजमेर,करौली,धौलपुर, वनस्थली, कोटा सहित कुछ अन्य शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के चार शहरों का रात का पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।
7.2 डिग्री के साथ अलवर की रात सबसे सर्द रही। अलवर के अलावा श्रीगंगानगर, लूणकरणसर और पाली का रात का पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। 29.4 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 15.4 डिग्री के साथ कोटा की रात सबसे गर्म रही। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि रविवार को जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर संभाग तथा शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में आकाशीय बिजली के साथ कुछ भागों में हल्की मध्यम बारिश दर्ज की गई।
इस दौरान कोटा सहित कुछ अन्य शहरों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी सूचना है। एक और नया बैक टू बैक पश्चिमी विक्षोभ 2 फरवरी को सक्रिय होने की प्रबल संभावना है। पूर्वी राजस्थान के कोटा, जयपुर, अजमेर व भरतपुर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ हल्की मध्यम बारिश की गतिविधियां 3-4 फरवरी को भी जारी रहने की संभावना है।
हालांकि पश्चिमी व दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। फरवरी में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना जताई गई है। संभावना है कि 14-15 फरवरी यानी दूसरे सप्ताह के बाद से प्रदेश में हल्की गर्मी का दौर शुरू हो सकता है।




















