छोटी काशी के प्रमुख मंदिरों में भक्तिभाव से मनाई गई माघ पूर्णिमा

0
53
Magh Purnima was celebrated with devotion at the major temples of Chhoti Kashi.
Magh Purnima was celebrated with devotion at the major temples of Chhoti Kashi.

जयपुर। माघ पूर्णिमा पर रविवार को छोटी काशी जयपुर के प्रमुख मंदिरों में धार्मिक श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ विविध आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुए। माघ पूर्णिमा के साथ ही तीर्थराज प्रयागराज में एक माह से चल रहा माघ स्नान भी विधिवत संपन्न हुआ, वहीं जयपुर में श्रद्धालुओं ने गलताजी में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

इस अवसर पर आराध्य देव श्री गोविंद देवजी मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन किए गए। माघ पूर्णिमा के उपलक्ष्य में ठाकुर श्रीजी का भव्य धवल श्रृंगार किया गया। ठाकुरजी को श्वेत पोशाक धारण कराई गई तथा सफेद पुष्पों से मनोहारी श्रृंगार किया गया।

मंगला झांकी के उपरांत मंदिर के महंत श्री अंजन कुमार गोस्वामी जी महाराज के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ठाकुर श्रीजी एवं शालिग्रामजी भगवान (नारायण जी) का पंचामृत अभिषेक संपन्न हुआ। श्रृंगार आरती में विशेष भोग अर्पित किए गए तथा हरिनाम संकीर्तन के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

इसी क्रम में अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में गोविंद देवजी मंदिर परिसर में निशुल्क पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया। मंदिर के महंत श्री अंजन कुमार गोस्वामी जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित यज्ञ का शुभारंभ मंदिर के सेवा अधिकारी मानस गोस्वामी द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।

आचार्य पीठ से गायत्री परिवार के डॉ. राजकुमार सतनाकर, डॉ. अजय भारद्वाज एवं मुकेश कुमार ने प्रज्ञा गीतों के मधुर गायन के साथ विधिवत यज्ञ संपन्न कराया। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने विश्व कल्याण की कामना के साथ यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं।

माघ पूर्णिमा के विशेष पुण्य अवसर पर श्रद्धालुओं पर प्रयागराज के त्रिवेणी संगम के पावन जल का अभिषेचन किया गया। यज्ञ में “एक बुराई छोड़ो – एक अच्छाई अपनाओ” के संकल्प के साथ पूर्णाहुति दी गई। गायत्री चेतना केंद्र, जनता कॉलोनी की ओर से साहित्य स्टॉल भी लगाई गई, जहां सभी आयु वर्ग के श्रद्धालुओं ने लागत मूल्य पर आध्यात्मिक पुस्तकों का क्रय किया। जयघोष एवं शांति पाठ के साथ यज्ञ का समापन हुआ।

इसी दिन सुभाष चौक पानों का दरीबा स्थित श्री शुक संप्रदाय की प्रधान पीठ श्री सरस निकुंज में शुक संप्रदाय पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज के सान्निध्य में पूर्णिमा उत्सव श्रद्धा भाव से मनाया गया। श्री राधा सरस बिहारी सरकार का वेदोक्त मंत्रोच्चार के साथ पंचामृत अभिषेक कर ऋतु पुष्पों से श्रृंगार किया गया। श्री सरस परिकर के प्रवक्ता प्रवीण बड़े भैया ने बताया कि सायंकाल पूर्णिमा के पदों का गायन किया गया

शहर के अन्य वैष्णव मंदिरों—चौड़ा रास्ता स्थित राधा दामोदरजी मंदिर, त्रिपोलिया बाजार के विनोदी लालजी, रामगंज बाजार के लाड़लीजी, चांदनी चौक स्थित बृजनिधि जी सहित अनेक मंदिरों में भी ठाकुरजी की विशेष झांकियां सजाई गईं, जिनके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। समस्त आयोजन शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here