जयपुर। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के तत्वावधान में पेट्रोलियम उत्पादों के संरक्षण को लेकर जन जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सक्षम–2025-26 अभियान का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 15 फरवरी 2026 तक चलेगा। जिसमें तेल उद्योग के डीलर, वितरक,सरकारी नेटवर्क और आमजन को शामिल किया जा रहा है।
सक्षम–2026 का उद्घाटन समारोह सोमवार को तोटुका सभागार जैन नासियाँ, नारायण सिंह सर्किल में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन उप मुख्य विस्फोटक नियंत्रक जनार्दन कुमार ने किया। इस वर्ष अभियान का नारा है— तेल और गैस बचाओ—हरित ऊर्जा अपनाओ।
इस अवसर पर राज्य स्तरीय समन्वयक (तेल उद्योग) एवं कार्यकारी निदेशक व राज्य प्रमुख, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (राजस्थान) मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि ऊर्जा का कुशल और विवेकपूर्ण उपयोग समय की आवश्यकता है। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों से पेट्रोलियम संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल हो सके। उन्होंने कहा कि तेल और गैस के इष्टतम उपयोग से देश में पेट्रोलियम उत्पादों की बड़ी मात्रा में बचत संभव है।

मुख्य अतिथि जनार्दन कुमार ने स्कूली बच्चों और आमजन की उपस्थिति में तेल एवं गैस संरक्षण के संदेश लिखे गुब्बारे आसमान में छोड़े तथा संरक्षण संदेशों के साथ स्कूली बच्चों की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने पेट्रोलियम संरक्षण के संदेश को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में गेल (इंडिया) लिमिटेड राजस्थान के मुख्य महाप्रबंधक संजय चौहान ने मुख्य भाषण देते हुए ऊर्जा संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला और तेल कंपनियों द्वारा किए जा रहे संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रयासों की जानकारी दी।
बीपीसीएल के उप महाप्रबंधक गौरव शर्मा ने सक्षम–2026 के तहत उपस्थितजनों को तेल और गैस संरक्षण की शपथ दिलाई। सभी अतिथियों एवं स्कूली बच्चों ने सामूहिक रूप से संरक्षण की शपथ ली।



















