गायत्री परिवार जयपुर उपजोन कार्यकर्ता गोष्ठी आयोजित

0
65
Gayatri Pariwar launched a one-year national centenary resolution campaign.
Gayatri Pariwar launched a one-year national centenary resolution campaign.

जयपुर। गायत्री परिवार की संस्थापिका भगवती देवी शर्मा और अखंड दीपक के जन्मशताब्दी समारोह- 2026 के सफल, प्रभावी आयोजन के बाद अब आगामी दिनों की कार्य योजना तैयार कर ली गई है। इसके लिए जयपुर उपजोन की कार्यकर्ता गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में विभिन्न जिलों के 70 कार्यकर्ताओं ने सहभागिता करते हुए संगठनात्मक मजबूती, संस्कार निर्माण एवं सामाजिक चेतना के विस्तार के लिए ठोस कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया।

गोष्ठी का प्रमुख उद्देश्य जन्म शताब्दी वर्ष-2026 को जन-जन तक पहुंचाने के लिए उपजोन स्तर पर समन्वित कार्ययोजना तैयार करना, अंशदान एवं समयदान की सुदृढ़ व्यवस्था बनाना, मण्डल गठन, प्रशिक्षण, यज्ञ एवं साधना कार्यक्रमों के माध्यम से संस्कारात्मक वातावरण का निर्माण करना रहा।

इस अवसर पर राजस्थान जोन समन्वयक ओमप्रकाश अग्रवाल, प्रांतीय ट्रस्टी डॉ. प्रशांत भारद्वाज, सह समन्वयिका गायत्री कचोलिया, जयपुर उपजोन समन्वयक सुशील कुमार शर्मा, जयपुर शहर समन्वयक केदार शर्मा, जयपुर ग्रामीण समन्वयक संतोष गुप्ता, दौसा जिला समन्वयक रूपनारायण मामोडिया, नीमकाथाना जिला समन्वयक कालूराम कटारिया, टोंक जिला समन्वयक हीरालाल शर्मा, दूदू जिला समन्वयक ओमप्रकाश प्रजापत प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

प्रत्येक जिले में तीन माह में एक बार जिला स्तरीय कार्यकर्ता गोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसमें तिमाही कार्ययोजना का निर्माण एवं पिछली तिमाही के कार्यों की समीक्षा की जाएगी। सभी जिलों द्वारा 28 फरवरी तक तिमाही गोष्ठी आयोजित करने का आश्वासन दिया गया।
अंशदान को ज्ञानघट योजना से जोड़ते हुए सभी परिजनों से 10 रूपए प्रतिदिन के अनुसार अंशदान कराने का निर्णय लिया गया।

शाखा स्तर पर अंशदान संग्रह, रसीद व्यवस्था एवं निगरानी समितियों का गठन किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता एवं अनुशासन बना रहे। सभी परिजनों को न्यूनतम एक घंटा प्रतिदिन समयदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए समयदान संकल्प पत्र भरवाए जाएंगे तथा रुचि अनुसार गतिविधियों में सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। जिला एवं शाखा स्तर पर समयदान निगरानी समितियों का गठन कर रजिस्टर संधारण किया जाएगा।

31 मार्च तक प्रज्ञा मंडल महिला मंडल एवं युवा मंडल गठन का विशेष अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक कार्यकर्ता को किसी न किसी मंडल से जोडऩा सुनिश्चित किया जाएगा। पूर्व में गठित मंडलों की सूची शांतिकुंज पोर्टल से प्राप्त कर उपलब्ध कराई जाएगी। सभी मंडल संचालक एवं सदस्य अपने घर के बाहर गायत्री परिवार की नेम प्लेट लगाएंगे। जिससे प्रत्येक मोहल्ले, कॉलोनी एवं पंचायत में संगठन की दृश्य पहचान सुदृढ़ हो सके। नेम प्लेट का मानक प्रारूप शीघ्र प्रेषित किया जाएगा।

प्रत्येक जिले में एक दिवसीय गर्भोत्सव संस्कार प्रशिक्षण सेमिनार आयोजित किया जाएगा, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं महिलाओं को भी आमंत्रित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त कन्या कौशल प्रशिक्षण सेमिनार आयोजित कर युवतियों को आत्मनिर्भर एवं संस्कारवान बनाने पर बल दिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here