भारत-अमेरिका ट्रेड डील से निर्यातकों में खुशी

0
72

जयपुर। भारत और अमेरिका के बीच नई ट्रेड डील के बाद प्रदेश के निर्यातकों में उत्साह का माहौल है। अमेरिका द्वारा टैरिफ 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने से राजस्थान के निर्यात कारोबार को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इस अवसर पर फेडरेशन ऑफ राजस्थान ट्रेड एंड इंडस्ट्री (फोर्टी) कार्यालय में अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल के नेतृत्व में निर्यातकों ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया।

सुरेश अग्रवाल ने इसे केंद्र सरकार की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि नई डील से अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारत की प्रतिस्पर्धा क्षमता मजबूत होगी। फोर्टी यूथ विंग अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने बताया कि टैरिफ कम होने के बाद अमेरिका के खरीदारों के लगातार संपर्क आने लगे हैं।

गारमेंट निर्यातक पवन लश्करी ने कहा कि अब प्रदेश के निर्यातकों को बांग्लादेश, वियतनाम और चीन जैसे देशों के मुकाबले प्रतिस्पर्धा में फायदा मिलेगा। वहीं सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ स्टोन्स के पूर्व उपाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने बताया कि 50 प्रतिशत टैरिफ के कारण क्वार्ट्ज उद्योग प्रभावित हो गया था, लेकिन अब उद्योग को संजीवनी मिलेगी।

गौरतलब है कि राजस्थान से अमेरिका को करीब 18 से 20 हजार करोड़ रुपए का निर्यात होता है, जिसमें जेम्स-ज्वेलरी, गारमेंट, क्वार्ट्ज, मार्बल-ग्रेनाइट, हैंडीक्राफ्ट, इंजीनियरिंग गुड्स और दवाइयां शामिल हैं। टैरिफ बढ़ने के बाद निर्यात में भारी गिरावट आई थी, जिससे रोजगार पर भी असर पड़ा था। अब नई डील से निर्यात कारोबार के फिर से गति पकड़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here