जयपुर। जवाहर नगर थाना पुलिस ने बिजली ट्रांसफार्मर के उपकरणों से बैटरी चोरी करने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। साथ ही पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई दो बैटरियां और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद कर ली है । फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) संजीव नैन ने बताया कि जवाहर नगर थाना पुलिस ने बिजली ट्रांसफार्मर के उपकरणों से बैटरी चोरी करने वाले शातिर बदमाश विशाल वर्मा (27) निवासी कालवाड़ रोड को गिरफ्तार किया । पूछताछ में सामने आया कि आरोपी स्मैक का नशा करने का आदी है । वह शाम के समय अंधेरे का फायदा उठाकर रेकी करता था और मौका मिलते ही कीमती उपकरण चुरा लेता था । चोरी किए गए माल को वह कबाड़ियों को सस्ते दाम में बेचकर नशे की पूर्ति करता था ।
आरोपी विशाल वर्मा एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ जयपुर के विभिन्न थानों में चोरी और आर्म्स एक्ट के आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। थानाधिकारी महेश चंद्र ने बताया कि 2 फरवरी को कनिष्ठ अभियंता दीपशिखा धाकड़ ने मामला दर्ज करवाया था कि तत्कालेश्वर महादेव मंदिर (सेक्टर-2, जवाहर नगर) के पास लगे करीब 8.72 लाख रुपये कीमत के आरएमयू उपकरण से अज्ञात चोर ने दो बैटरियां चुरा ली थीं।
जिससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हुई और राजस्व की हानि हुई । पुलिस ने विद्युत अधिनियम की धारा 136 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी । जिस पर गठित विशेष टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपित को चिन्हित करते हुए पकडा। इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल रामबाबू, कांस्टेबल अशोक कुमार, धर्मपाल और गजानंद की मुख्य भूमिका रही ।




















