भगवान पदम प्रभु के मोक्ष कल्याणक पर उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब

0
118
A huge crowd of devotees will gather on the occasion of Lord Padmaprabhu's Moksha Kalyanak
A huge crowd of devotees will gather on the occasion of Lord Padmaprabhu's Moksha Kalyanak

जयपुर। जैन धर्म के छठे तीर्थंकर भगवान पदम प्रभु के मोक्ष कल्याणक के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र पदमपुरा (बाड़ा) जहाजपुर में गुरुवार को भव्य धार्मिक आयोजन होंगे। भारत गौरव गणिनी आर्यिका 105 स्वस्ति भूषण माताजी ससंघ के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। इस मौके पर भगवान पदमप्रभु के मोक्ष कल्याणक महोत्सव, पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के लिए मुख्य पात्र निर्धारण समारोह एवं पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के बहुरंगीय पोस्टर का विमोचन किया गया।

क्षेत्र कमेटी अध्यक्ष एडवोकेट सुधीर जैन दौसा एवं मानद मंत्री एडवोकेट हेमंत सोगानी ने बताया कि गुरुवार प्रातः 7 बजे मूलनायक भगवान पदम प्रभु का मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक एवं विश्व शांति की कामना से शांतिधारा होगी। 7.30 बजे संगीतमय निर्वाण पूजा तथा 8.15 बजे मोक्ष का प्रतीक निर्वाण लाडू अर्पित किया जाएगा। क्षेत्र कमेटी के कोषाध्यक्ष राजकुमार कोठारी के अनुसार प्रातः 10.15 बजे भगवान पदम प्रभु की खडगासन प्रतिमा का पंचामृत अभिषेक किया जाएगा।

पंचामृत अभिषेक के पश्चात गणिनी आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी ससंघ के सानिध्य में पंचकल्याणक पात्र निर्धारण समारोह आयोजित होगा। इसमें पंचम पट्टाचार्य आचार्य 108 वर्धमान सागर महाराज ससंघ (32 पिच्छीका) एवं गणिनी आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी ससंघ के सानिध्य में 18 से 22 फरवरी तक होने वाले पदमपुरा पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के प्रमुख पात्रों का चयन किया जाएगा।

आचार्य वर्धमान सागर महाराज ससंघ का पदमपुरा के लिए मंगल विहार जारी है तथा रविवार 8 फरवरी को दोपहर 3.15 बजे चाकसू व शिवदासपुरा मार्ग से भव्य जुलूस के साथ मंगल प्रवेश होगा। वहीं साधना महोदधि अन्तर्मना आचार्य 108 प्रसन्न सागर महाराज ससंघ का आगमन 9 फरवरी को होगा। इस दौरान तीन दिगम्बर जैन संघों के 51 संतों एवं आर्यिकाओं का पदमपुरा में ऐतिहासिक मिलन होगा।

मुख्य संयोजक राजकुमार कोठ्यारी ने बताया कि 18 फरवरी को ध्वजारोहण से पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ होगा। इस दिन गर्भ कल्याणक महोत्सव मनाया जाएगा। 19 फरवरी को जन्म कल्याणक, 20 फरवरी को तप कल्याणक, 21 फरवरी को केवल्य ज्ञान कल्याणक तथा 22 फरवरी को मोक्ष कल्याणक के साथ समापन होगा। पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के लिए जयपुर शहर से आने जाने के लिए सभी कालोनियों से बसे लगाई जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here