जयपुर। रामनगरिया थाना इलाके में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में मजदूरी करते वक्त 11वीं मंजिल से लकड़ी का बंडल नीचे आ गिरा और उसके नीचे दबने से एक मजदूर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन बिल्डि़ग में क्रेन की सहायता से ग्राउड फ्लोर से 11वीं मंजिल पर लकड़ी का बंडल चढ़ाया जा रहा था। इसी दौरान क्रेन से लकड़ी का बंडल नीचे आ गिरा और 19 वर्षीय मजदूर उसके नीचे दब गया।
हादसे के बाद घटना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मजदूरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की सहायता से लकड़ी के बंडल को साइड में करवा शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जेएनयू हॉस्पिटल भिजवाया। जहां से मृतक का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
एसआई गिरवर सिंह ने बताया कि बुधवार को बुधवार को गोनेर रोड पर एक निर्माणाधीन बिल्ड़िंग का कार्य चल रहा था। जिसमें मूलता बिहार के कटिहार निवासी मानिक कुमार (19) पुत्र सोनू कुमार मजदूर ग्राउंड फ्लोर पर मजदूरी कर रहा था। क्रेन की सहायता से एक भारी लकड़ी के बंडल को 11वीं मंजिल पर चढ़ाया जा रहा था। तभी अचानक से सेफ्टी बेल्ट खुलने के कारण लकड़ी का बंडल 11वीं मंजिल से नीचे आ गिरा और मानिक उसके नीचे दब गया उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मृतक मानिक 8 महीने पहले ही अपने गांव से मजदूरी करने के लिए जयपुर आया था और वो अपने माता-पिता और बहन के साथ ही घटना स्थल से महज 50 मीटर दूर टीन शेड वाले कमरे में रहता था। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




















