गल्ले से नकदी उड़ाने वाला और सिलेंडर चोर गिरफ्तार

0
145

जयपुर। राजधानी की हरमाड़ा थाना पुलिस ने चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए दो अलग-अलग कार्रवाइयों में दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक आरोपी के पास से दुकान के गल्ले से चोरी की गई नकदी और दूसरे के पास से चोरी किया गया गैस सिलेंडर बरामद किया है।

दुकान का गेट खोलकर पार की थी नकदी

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) हनुमान प्रसाद के अनुसार परिवादी जसवंत सैनी निवासी मोती नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 2 फरवरी को जब वह खाना खाने घर गया था, तब पीछे से किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी दुकान का एल्युमिनियम गेट खोलकर गल्ले में रखे करीब 20-25 हजार रुपये पार कर दिए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी सुनील यादव (28) निवासी बक्सर (बिहार) हाल विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से चोरी की राशि बरामद कर ली गई है।

गैस सिलेंडर चोरी का आरोपी गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने सिलेंडर चोरी के मामले में आरोपी गजराज सिंह निर्वाण उर्फ राहुल उर्फ गंजा (25) निवासी सीकर हाल झोटवाड़ा को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया गैस सिलेंडर बरामद कर लिया गया है।

नशे के शौक के लिए करते थे रेकी

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी नशे के आदी हैं। अपने नशे की लत को पूरा करने के लिए वे दिन के समय कॉलोनियों में रेकी करते थे। सूने मकानों और खुली दुकानों को निशाना बनाकर सामान और नकदी चुरा लेते थे। चोरी के सामान को औने-पौने दामों में बेचकर मौज-मस्ती और नशे में पैसे उड़ा देते थे।

इन्होंने निभाई अहम भूमिका

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) हनुमान प्रसाद के निर्देशन में थानाधिकारी उदय सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में हेड कांस्टेबल बुद्धराम, देशराज और कांस्टेबल दयाराम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here