रिहायशी इलाके में फिर घूमता दिखा लेपर्ड

0
45
Third Leopard Safari inaugurated on World Environment Day
Third Leopard Safari inaugurated on World Environment Day

जयपुर। राजधानी जयपुर के आबादी क्षेत्र में एक बार फिर लेपर्ड की मौजूदगी से दहशत फैल गई। शनिवार तड़के तीन बजे आगरा रोड स्थित सूर्य सिटी कॉलोनी में लेपर्ड का मूवमेंट देखा गया। लेपर्ड करीब एक घंटे से अधिक समय तक कॉलोनी क्षेत्र में घूमता रहा। जिसकी पूरी गतिविधि सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद लेपर्ड का कोई सुराग नहीं लग पाया। वन विभाग ने एहतियातन रात के समय कॉलोनी क्षेत्र में पिंजरा लगाने का निर्णय लिया है। ताकि लेपर्ड के दोबारा लौटने की स्थिति में उसे सुरक्षित रूप से पकड़ा जा सके।

क्षेत्रीय वन अधिकारी जितेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में लेपर्ड कॉलोनी की सड़क पर घूमता हुआ नजर आ रहा है। फुटेज में यह भी देखा गया कि लेपर्ड सड़क पर मौजूद एक कुत्ते के पास गया। लेकिन किसी तरह की घटना किए बिना वहां से आगे बढ़ गया।

कॉलोनी वासियों द्वारा लेपर्ड की सूचना दिए जाने पर वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों में गहन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन लेपर्ड दिखाई नहीं दिया।

वन विभाग के अधिकारियों का मानना है कि लेपर्ड संभवतः जंगल क्षेत्र की ओर लौट गया होगा। इसके बावजूद एहतियातन सूर्य सिटी कॉलोनी एवं आसपास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। लोगों से विशेष रूप से रात के समय सतर्क रहने,अकेले बाहर न निकलने और बच्चों को सुरक्षित रखने की अपील की गई है।

वहीं वन विभाग की टीमें वन क्षेत्र से सटे इलाकों में लगातार निगरानी कर लेपर्ड की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। गौरतलब है कि जयपुर के चांदपोल,शास्त्री नगर,सिविल लाइंस (मंत्री आवास क्षेत्र),जलमहल क्षेत्र की गुर्जर घाटी,गोपालपुरा,दुर्गापुरा,जयसिंहपुरा,जगतपुरा और विद्याधर नगर जैसे रिहायशी इलाकों में भी लेपर्ड के मूवमेंट की पुष्टि हो चुकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here