जयपुर। राजधानी जयपुर के चित्रकूट थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई। जहां चित्रकूट इलाके में स्थित एसबीआई कियोस्क पर दो बदमाश पिस्टल दिखाकर नोटों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता से कुछ ही दूरी पर दोनों आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पूरी वारदात कियोस्क में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
डीसीपी वेस्ट हनुमान प्रकाश मीणा ने बताया कि वारदात शनिवार दोपहर 12.30 बजे की है। जहां दो युवक हेलमेट पहनकर एसबीआई कियोस्क में घुसे और संचालक हेमंत कपूर को पिस्टल दिखाकर डराया। इसके बाद बदमाशों ने करीब 1.20 लाख रुपए से भरा बैग छीन लिया और मौके से भाग निकले। लुटेरों के भागते ही आसपास मौजूद लोग सतर्क हो गए और उनका पीछा किया।
कुछ ही दूरी पर लोगों ने दोनों बदमाशों को दबोच लिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस की जांच जारी है और जल्द ही पूरे प्रकरण का खुलासा किया जाएगा।




















