जयपुर। शिप्रापथ थाना पुलिस ने 2 फरवरी की रात सेंट विल्फ्रेड स्कूल के पास स्थित RJ21 कैफे पर हुई फायरिंग की सनसनीखेज वारदात का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में सक्रिय कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल एक आरोपी प्रकाश गुर्जर उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्वीफ्ट कार (नंबर RJ52CA5852) भी बरामद कर ली है।
किराये की कार को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि परिवादी रितिक निठारवाल, जो पहले मानसरोवर में ‘चौधरी कार रेंटल’ के नाम से काम करता था, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रितिक के दोस्त की एक गाड़ी समीर यादव नामक युवक किराये पर ले गया था, जिसका जीपीएस तोड़कर उसे खुर्द-बुर्द करने की कोशिश की गई। इस गाड़ी को वापस देने के बदले मुख्य आरोपी अशोक डागर और उसके साथियों ने पहले 1.50 लाख रुपये और फिर 50 हजार रुपये की फिरौती मांगी थी।
चाय की थड़ी से शुरू हुआ पीछा, कैफे पर की फायरिंग
घटना के दिन रितिक अपने दोस्त लोकेश के साथ खरबास सर्किल पर चाय पी रहा था, तभी अशोक यादव और उसके साथियों ने उसे देख लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। रितिक वहां से अपनी गाड़ी में भाग निकला, लेकिन आरोपियों ने उसका पीछा किया। जब रितिक RJ21 कैफे पर उतरा, तो अशोक डागर ने उस पर पिस्टल तान दी। रितिक जान बचाने के लिए कैफे के अंदर भागा, जिस पर आरोपी ने उसे जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी, हालांकि गोली रितिक को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया।
गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस ने आरोपी प्रकाश गुर्जर (21) निवासी ग्राम अवानिया, बगरू को दबोच लिया है। जांच में सामने आया कि प्रकाश पर पहले से ही झोटवाड़ा और बगरू थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत गंभीर मामले दर्ज हैं।
मुख्य आरोपी की तलाश जारी
शिप्रापथ थानाधिकारी महेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में गठित टीम अब मुख्य आरोपी अशोक डागर और उसके अन्य साथियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह किराये पर गाड़ियां लेकर उन्हें खुर्द-बुर्द करने की धमकी देकर लोगों से पैसे ठगने का काम करता है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।



















