जयपुर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सिंधी समाज के पूज्य संत सतगुरु स्वामी पुरसनाराम साहिब का 193वां जन्मोत्सव सेक्टर–4, जवाहर नगर स्थित स्वामी पुरसनाराम साहिब पार्क में श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। पूरा परिसर आकर्षक विद्युत सज्जा, पुष्प श्रृंगार और लाल ध्वजों से सुसज्जित रहा। ‘जय साईं’ और ‘शंकर भगवान की जय’ के जयघोष से वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंग गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पुरसनाराम साहिब मंडल के अध्यक्ष साईं मुकेश साध ने धर्मध्वजा फहराकर किया। वेदमंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने संत स्मरण किया। दोपहर 2 बजे 331 महिलाओं की सामूहिक कलश यात्रा के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सुसज्जित गजराज की अगुवाई में निकली यात्रा में जिया बैंड ने सिंधी भजनों की स्वर लहरियां बिखेरीं। स्वामी जी का चित्र सुसज्जित बग्घी में विराजमान रहा, जिस पर मार्गभर पुष्पवर्षा की गई। लाल वेशभूषा में महिलाएं सिर पर गंगाजल से भरे कलश धारण कर भजन-कीर्तन करती रहीं।
सांयकाल भजन संध्या में प्रसिद्ध कलाकार गोरधन उदासी व दिलीप उदासी (कटनी) ने सूफियाना भजनों से संगत को मंत्रमुग्ध किया। रात्रि में 193 पाउंड का शाकाहारी केक काटा गया, पल्लव प्रार्थना व महाआरती हुई तथा महाप्रसाद का वितरण किया गया। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।




















