जाली नोट गिरोह के तीन आरोपी गिरफ्तार: पांच-पांच सौ रुपये के 103 जाली नोट बरामद

0
50

जयपुर। राजस्थान में जाली मुद्रा के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान को झालावाड़ जिले के की मनोहर थाना पुलिस टीम ने गश्त और नाकाबंदी के दौरान जाली नोटों का चलन करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 500-500 के कुल 103 जाली नोट बरामद किए हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि सफलता यह कार्रवाई उस समय हुई जब मनोहर थानाधिकारी महेंद्र कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम दांगीपुरा जोड़ पर मुस्तैदी से नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान अकलेरा रोड की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस की मौजूदगी देख आरोपियों ने भागने की कोशिश की और मोटरसाइकिल घुमाने लगे, लेकिन सतर्क पुलिस जाब्ते ने घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही डिटेन कर लिया।

संदेह होने पर जब तीनों युवकों की गहनता से तलाशी ली गई तो उनके पास से भारतीय मुद्रा के 500 मूल्य के 103 जाली नोट बरामद हुए। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नकली नोटों की खेप और परिवहन में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कमल सिंह तंवर (30), रामचरण उर्फ कालू तंवर (35) निवासी दांगीपुरा और देव सिंह तंवर (30) निवासी मनोहर थाना के रूप में हुई।

इस पूरे मामले में कांस्टेबल तेजाराम की विशेष और सक्रिय भूमिका रही, जिनके इनपुट से इस नेटवर्क को तोड़ना संभव हो सका। फिलहाल थाना झालरापाटन में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन नकली नोटों की छपाई कहाँ हो रही थी और इनके तार और किन-किन गिरोहों से जुड़े हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here