जयपुर। कांवटियों का खुर्रा रामगंज स्थित श्री श्याम प्राचीन मंदिर से महंत पं.लोकेश मिश्रा के सानिध्य में श्री श्याम सत्संग मंडल संस्था की 60 वीं पदयात्रा 22 फरवरी को सुबह 11.15 बजे बैंडबाजा, लवाजमे के साथ खाटू धाम के लिए प्रस्थान करेगी। इससे पूर्व 21 फरवरी को रात्रि आठ बजे निशान पूजन आचार्य पं.गिरधर शर्मा के आचार्यत्व मे किया जाएगा। इसके बाद भजनामृत सत्संग होगा।
संस्था के अध्यक्ष अशोक मिश्रा और कुंजबिहारी आभास वालों ने बताया कि पदयात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। रामगंज से चांदपोल तक केवल पदयात्री ही नजर आएंगे। चांदी के रथ में श्याम प्रभु को विराजमान कर चंवर डुलाते हुए ले जाया जाएगा।
झोटवाड़ा रोड, चौमूं पुलिया, भवानी निकेतन, ढहर के बालाजी होते हुए पदयात्रा सीकर रोड पर आएगी। रात्रि विश्राम हरमाड़ा में होगा। चौमूं, गोविंदगढ़, रींगस होते हुए पदयात्रा 26 फरवरी को खाटूधाम पहुंचेगी। 27 फरवरी को फाग महोत्सव, छप्पन भोग, चंग-धमाल का आयोजन जयपुर वालों की धर्मशाला में होगा।
चौगान स्टेडियम में किया निशान पूजन
श्री श्याम सत्संग मण्डल समिति ट्रस्ट, जयपुर के तत्वावधान में खाटूश्याम जी की पदयात्रा शनिवार को चौगान स्टेडियम से जयकारों के साथ रवाना होगी। शुक्रवार शाम को चौगान स्टेडियम स्थित सत्संग भवन में निशान पूजन किया गया। शनिवार को सुबह 9 बजे चौगान स्टेडियम से आरती के साथ पदयात्रा प्रारंभ होगी। सैंकड़ों की संख्या में श्रद्धालु पदयात्रा में शामिल होंगे। पदयात्रा के दौरान 22 फरवरी को सीकर रोड टोल प्लाजा के आगे रात्रि जागरण होगा।



















