जयपुर। चित्रकूट थाना पुलिस ने ऑपरेशन वज्र प्रहार 2.0 अभियान के तहत ऑनलाइन गेमिंग सट्टा मॉड्यूल ध्वस्त करते हुए युएई व नेपाल आधारित संचालकों से संपर्क का खुलासा करते हुए विदेशी लिंकों की जांच की है। इस मामले का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने एक मु्कदमा दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से ऑनलाईन गेमिग में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ करने में जुटी है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम हनुमान प्रसाद ने बताया कि चित्रकूट थाना पुलिस ने ऑपरेशन वज्र प्रहार 2.0 अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए हुए ऑन लाइन सट्टा संचालन करने के आरोप में अनूप पारिक (22) निवासी परबतसर नागौर, अब्दुल करीब (25) निवासी नागौर , सिद्धार्थ पारीक (22) सुजानगढ़ जिला चुरू , श्रवण कुमार (25) निवासी डेगाना जिला नागौर व सुनील कुमार (26) निवासी नागौर को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ऑनलाइन सट्टे के काम में लिए जाने कई उपकरण जब्त किए है।
पुलिस ने पांचों आरोपियो के कब्जे से कुल 83 हजार रुपए नकद, 11 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप,1 आईपैड, 9 पासकुक एवं 12 एटीएम कार्ड समेंत तीन क्रेडिट कार्ड जब्त किए है। पुलिस को आरोपियों के करोड़ो रुपए की साइबर ठगी एवं अवैध ऑन लाइन सट्टा संचालन से संबंधित डिजिटल साक्ष्य भी प्राप्त हुए है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों के तार यूनाईंटेड अरब अमरिटेस्ट व नेपाल से जुडे है। गिरोह के लोग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म एवं एन्क्रिप्टेड के माध्यमों से सट्टा संचालन कर अवैध धनराशि का लेन-देन करते है।
थानाधिकारी प्रभु सिंह ने बताया कि ऑनलाइन सट्टा संचालन करवाने वालों के खिलाफ ऑपरेशन वज्र प्रहार 2.0 अभियान के दौरान कार्रवाई की गई है। जिसमें पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने संगठित अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन सट्टा गिरोह को तकनीकी सर्विलांस, डिजिटल फॉरेंसिक विश्लेषण एवं वित्तीय लेन-देन की गहन जांच के आधार पर दबोचा है। इस कार्रवाई में अहम भूमिका कॉन्स्टेबल पूरणमल साइबर सेल की रहीं।




















