चाकू से ताबड़तोड़ वार कर 17 वर्षीय किशोर की हत्या

0
44

जयपुर। शहर के भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते 17 वर्षीय युवक आदिल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। रविवार रात हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली।

वारदात के बाद बड़ी संख्या में लोग भट्टा बस्ती थाने के बाहर एकत्र हो गए। स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। वहीं पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त बजरंग सिंह शेखावत के अनुसार रविवार देर रात कुछ युवकों ने अचानक आदिल पर हमला कर दिया और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल आदिल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

थानाधिकारी दीपक त्यागी ने बताया कि वारदात के बाद घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त बजरंग सिंह शेखावत, सहायक पुलिस आयुक्त सुरेंद्र सिंह चौधरी सहित अन्य पुलिस अधिकारी पहुंचे और मौके का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जानकारी के अनुसार मुख्य आरोपी अरबाज के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं घटना के बाद इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here