जयपुर। राजधानी के नारायण विहार थाना इलाके में दिनदहाड़े चोरी की एक अनोखी वारदात सामने आई है। बदमाश घर के बाहर खड़ी स्कूटी से आए और घर में घुसकर वाटर टैंक के ऊपर लगा लोहे का चेंबर चोरी कर ले गए। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार घटना नारायण विहार थाना स्थित पत्रकार कॉलोनी रोड की है, जो नारायण विहार थाना क्षेत्र में आती है। रविवार दोपहर करीब तीन बजे स्कूटी पर सवार दो युवक इलाके में पहुंचे। दोनों ने पहले घर के बाहर खड़े होकर स्कूटी स्टार्ट करने का बहाना करते हुए आसपास की रेकी की।
इसके बाद एक युवक मेन गेट खोलकर घर के अंदर घुस गया, जबकि दूसरा बाहर स्कूटी के पास खड़ा रहा। अंदर गया युवक कुछ ही सेकेंड में पोर्च में रखे वाटर टैंक के ऊपर लगा लोहे का चेंबर उठाकर बाहर ले आया। उसने चेंबर को स्कूटी के आगे रखा और दोनों मौके से फरार हो गए।
करीब एक घंटे बाद घरवालों को चेंबर गायब होने का पता चला। इसके बाद उन्होंने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी, जिसमें स्कूटी सवार दोनों बदमाशों की पूरी करतूत कैद मिली।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के इलाकों के कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि बदमाशों का सुराग मिल सके।



















