जयपुर में फर्जी पट्टे बनाकर प्लॉट बेचने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

0
42

जयपुर। एयरपोर्ट थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर प्लॉट बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त पूर्व संजीव नैन बताया कि पीड़ित की शिकायत पर एयरपोर्ट थाने में मामला दर्ज किया गया था।

आरोप है कि दीपक अग्रवाल ने अपने साथी के साथ मिलकर एक प्लॉट के फर्जी कागजात तैयार किए और उसे बेच दिया। जिस पर एयरपोर्ट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल करते हुए आरोपित विमलेश शर्मा (40) निवासी भांडा खेड़ा, थाना आंधी, जिला जयपुर ग्रामीण ओर दीपक अग्रवाल (50) निवासी फ्लैट नंबर 107, एपल रेजिडेंसी, कटारिया कॉलोनी, श्याम नगर, जयपुर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दीपक अग्रवाल प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त का काम करता है। वह सिद्धार्थ नगर और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से खाली पड़े प्लॉटों की जानकारी जुटाता था। इसके बाद सोसायटी से वास्तविक मालिक का नाम पता करता और उसी नाम के किसी व्यक्ति को ढूंढकर फर्जी पट्टा तैयार करवाता था।

इसके जरिए एक प्लॉट के कागजात अपने नाम से फर्जी बनाकर बेच दिया गया, जबकि दूसरे प्लॉट के लिए उसी नाम के व्यक्ति के जरिए नकली सोसायटी पट्टा बनाकर बिक्री कर दी गई। इस तरीके से आरोपियों ने बड़ी रकम हासिल की।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम गठित की गई। मोबाइल कॉल डिटेल और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में थाना अधिकारी रूपनारायण यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अब मामले में अन्य संभावित लोगों की संलिप्तता और ठगी की कुल राशि की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here