एआई समिट विवाद पर जयपुर में महिला मोर्चा का विरोध-प्रदर्शन

0
63
Women's Front protests in Jaipur over AI Summit controversy

जयपुर। दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कथित अर्धनग्न प्रदर्शन को लेकर सियासत तेज हो गई है। इसी क्रम में सोमवार को भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय का घेराव करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया।

महिला मोर्चा की कार्यकर्ता दोपहर करीब 12 बजे चांदपोल बाजार स्थित हनुमान मंदिर पर एकत्रित हुईं। यहां कांग्रेस को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की गई। इसके बाद प्रदेशाध्यक्ष राखी राठौड़ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय की ओर मार्च शुरू किया।

हालांकि संसार चंद्र रोड पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच कुछ देर धक्का-मुक्की भी हुई। स्थिति को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल और महिला कांस्टेबल तैनात किए गए थे।

महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष राखी राठौड़ ने आरोप लगाया कि एआई समिट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के व्यवहार से देश की छवि खराब हुई है। उन्होंने कहा कि विदेशी मेहमानों के सामने इस तरह का प्रदर्शन भारतीय संस्कृति के खिलाफ है और इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। पुलिस की समझाइश के बाद प्रदर्शनकारी वहीं धरने पर बैठ गए और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की। कुछ समय बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here