नहर के गणेश जी मंदिर में बुधवार को बिखरेगी फागुनी छटा

0
30

जयपुर। ब्रह्मपुरी के माउंट रोड स्थित श्री गणेश धाम (नहर के गणेश जी महाराज) में आगामी 25 फरवरी (बुधवार) को भक्ति और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। मंदिर में फागोत्सव एवं भव्य भजन संध्या-2026 का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें जयपुर की सांस्कृतिक विरासत और फागुनी मस्ती के रंग घुलेंगे।

मंदिर के महंत पं. जय शर्मा एवं युवाचार्य पं. मानव शर्मा ने बताया कि उत्सव का शुभारंभ तड़के 5:30 बजे मंगला आरती के साथ होगा। इस अवसर पर गजानन महाराज का विशेष श्रृंगार कर फागुनी झांकी के दर्शन कराए जाएंगे। जो भक्तों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगी।
कार्यक्रम की श्रृंखला में दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक महिला भक्तों द्वारा फूलों की होली खेली जाएगी।

इस दौरान राजस्थानी लोक नृत्यों और पारंपरिक फाग गीतों की स्वर लहरियां गूंजेंगी। संध्या कालीन आरती के पश्चात देश के प्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा भजन सरिता बहाई जाएगी। साथ ही फागुनी पदों पर शास्त्रीय कत्थक नृत्य की नयनाभिराम प्रस्तुतियां दी जाएंगी। भक्ति संगीत के आनंद के बीच शाम 7:15 बजे से विशाल पंगत प्रसादी (भंडारा) शुरू होगी। जिसमें सभी भक्तजन प्रसादी ग्रहण करेंगे। मंदिर परिवार एवं शिष्यगण कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here