जयपुर। सांगानेर के वार्ड-76 स्थित रोज गार्डन में जनसहभागिता और जनसेवा से जुड़े तीन कार्यक्रम एक साथ आयोजित किए गए। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 131वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण किया गया, साथ ही “निरोगी सांगानेर” स्वास्थ्य शिविर आयोजित हुआ और क्षेत्रीय विकास कार्यों पर आधारित पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने एक साथ बैठकर ‘मन की बात’ सुनी और प्रधानमंत्री के संदेशों पर चर्चा की। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। इसी अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर “निरोगी सांगानेर” अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में सैकड़ों लोगों ने निःशुल्क चिकित्सा सेवाओं का लाभ लिया। लिपिड प्रोफाइल सहित कई रक्त जांच की गई, जबकि महिलाओं और 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के लिए टीकाकरण की व्यवस्था भी की गई। विभिन्न चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने मरीजों की जांच कर परामर्श दिया।
इसके साथ ही सांगानेर विधानसभा क्षेत्र में पिछले दो वर्षों में हुए विकास कार्यों पर आधारित विशेष पुस्तिका का भी विमोचन किया गया। पुस्तिका में सड़कों के निर्माण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में नागरिकों ने क्षेत्र में जारी विकास कार्यों पर संतोष जताते हुए जनभागीदारी को मजबूत बनाने की बात कही।




















