जयपुर। राजधानी में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत जयपुर पूर्व जिला विशेष टीम (डीएसटी) और जामडोली थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है । पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से अवैध मादक पदार्थ स्मैक और बिक्री की राशि बरामद की है । फिलहाल आरोपित महिला तस्कर से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) संजीव नैन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सुमित्रा सांसी (35) मूलतः टोंक जिले की निवासी है और वर्तमान में आगरा रोड स्थित लक्ष्मी विहार में रह रही थी । पूछताछ में सामने आया कि वह बाहर से 3 हजार 500 रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से स्मैक मंगवाती थी । इसके बाद वह स्मैक के छोटे-छोटे पैकेट (टोकन) बनाकर रास्तों में घूमते-फिरते 300 रुपये प्रति टोकन के भाव से बेचती थी।
पुलिस टीम ने महिला के पास से 03 ग्राम 66 मिलीग्राम स्मैक और नशा बेचकर जुटाई गई 10 हजार 600 रुपये की नकदी जब्त की है । पुलिस अब महिला से नशा सप्लाई के मुख्य नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है । यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक कुमार सिंघल और एसीपी लक्ष्मी सुथार के निर्देशन में अंजाम दी गई।
टीम में जामडोली थानाधिकारी (प्रो.) हिमांशु सिंह पंवार, डीएसटी प्रभारी सुखवीर सिंह, छीतरमल (एएसआई),अविनाश, धर्मेंद्र और उदय सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे ।



















