जयपुर। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत जवाहर सर्किल थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) पूर्व ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए भीलवाड़ा से जयपुर में डोडा पोस्त सप्लाई करने आए एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 27 किलो 818 ग्राम अवैध मादक पदार्थ बरामद किया है । फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) संजीव नैन ने बताया कि जवाहर सर्किल थाना पुलिस और डीएसटी पूर्व ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए डोडा पोस्त सप्लाई करने आए गिरफ्तार आरोपी श्रवण कुमार (19) निवासी जोजवा (भीलवाड़ा) है । पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह यह डोडा पोस्त भीलवाड़ा से लेकर आया था और जयपुर के दुर्गापुरा इलाके में किसी को सप्लाई करने वाला था ।
पुलिस अब उन लोगों की तलाश कर रही है जो भीलवाड़ा से माल भेज रहे थे और जयपुर में इसे रिसीव करने वाले थे। इस कार्रवाई में टीम के उप-निरीक्षक बन्ना लाल, कांस्टेबल राजेश, नीरज और हेमंत की इस धरपकड़ में महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अवैध देशी कट्टे के साथ युवक गिरफ्तार
जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन आग (आग) के तहत सीएसटी और ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया है। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि सीएसटी टीम द्वारा अवैध हथियार तस्करों के खिलाफ आसूचना संकलन किया जा रहा था । इस दौरान पुख्ता जानकारी मिली कि ब्रह्मपुरी इलाके में नगर निगम कॉलोनी पार्क के पास एक संदिग्ध व्यक्ति हथियार के साथ खड़ा है ।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया । पकड़े गए आरोपी की पहचान गोपाल गुप्ता (35) निवासी तिलक नगर (आदर्श नगर) के रूप में हुई है। जो वर्तमान में सांगानेर के सिद्धि विनायक अपार्टमेंट में रह रहा था।




















