चलती रोडवेज बस में लगी आग:यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

0
44

जयपुर। मानसरोवर थाना इलाके में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया, जब चलती राजस्थान रोडवेज की बस में अचानक आग लग गई। घटना करीब 2:40 बजे मानसरोवर रीको चौराहा के पास हुई। बस में सवार करीब 70 यात्रियों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

राजस्थान रोडवेज की यह बस सिंधी कैंप से केकड़ी के लिए रवाना हुई थी। मानसरोवर से सांगानेर की ओर जाते समय अचानक बस से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को तुरंत सड़क किनारे रोक दिया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

मानसरोवर फायर स्टेशन की फायरमैन शकुंतला सैनी के अनुसार शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग वायरिंग के जरिए इंजन तक पहुंच गई, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग से बस पूरी तरह जलकर कबाड़ में बदल गई, हालांकि हादसे में किसी यात्री के झुलसने या घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हाईवे पर ट्रेलर में कार घुसने से दोनों वाहनों में लगी आग

जयपुर ग्रामीण जिले के जमवारामगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। हाईवे पर केबल से भरे ट्रेलर में बेकाबू कार पीछे से जा घुसी। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। हालांकि आग भड़कने से पहले ही कार में सवार दोनों युवकों को बाहर निकाल लिया गया। जिससे बड़ा हादसा टल गया।

थानाधिकारी भगवान सहाय ने बताया कि घटना तड़के करीब साढ़े तीन बजे पिलर नंबर-42 के पास हुई। उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी प्रियांशु और हिमांशु कार से जा रहे थे। इसी दौरान आगे चल रहे ट्रेलर में उनकी कार पीछे से टकरा गई। प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि ब्रेक नहीं लग पाने के कारण कार ट्रेलर में जा घुसी।

हादसे के तुरंत बाद ट्रेलर चालक ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे दोनों युवकों को बाहर निकाला। कुछ ही देर में कार में आग लग गई और लपटों ने ट्रेलर को भी चपेट में ले लिया। सूचना पर हाईवे पेट्रोलिंग टीम और दमकल मौके पर पहुंची।

फायर ब्रिगेड ने करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घायल दोनों युवकों को जमवारामगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार एक युवक के पैर में फ्रैक्चर है, जबकि दूसरे को अंदरूनी चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here