महावीर जयंती पर 2625 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य

0
66

जयपुर। पूरे विश्व को जीओ और जीने दो का संदेश देने वाले जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्म कल्याणक के पावन अवसर पर राजस्थान जैन सभा जयपुर द्वारा मानवता की सेवा को समर्पित एक विशाल रक्तदान सेवा अभियान का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान पूरे मार्च माह में आयोजित होगा। जिसमें प्रदेशभर के 108 विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। सभा द्वारा इस अवसर पर 2625 यूनिट रक्त एकत्रित करने का संकल्प लिया गया है।

राजस्थान जैन सभा जयपुर के अध्यक्ष सुभाष चन्द जैन एवं महामंत्री मनीष बैद ने बताया कि यह अभियान भगवान महावीर के करुणा, अहिंसा और मानव कल्याण के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुँचाने का एक सशक्त प्रयास है। “जीवो और जीने दो” के पावन संदेश को आत्मसात करते हुए यह आयोजन समाज सेवा की भावना को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

उपाध्यक्ष विनोद जैन कोटखावदा ने बताया कि रक्तदान को महादान मानते हुए सभा ने युवाओं, महिलाओं एवं समाज के सभी वर्गों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता का आह्वान किया है। मुख्य संयोजक राजीव पाटनी के मुताबिक विभिन्न जोन एवं शाखाओं के माध्यम से व्यापक तैयारियां की गई है, ताकि प्रत्येक शिविर सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संचालित हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here