जयपुर। आराध्य राधा गोविंद देव जी मंदिर के सत्संग भवन में चल रहे पारंपरिक फाग महोत्सव का समापन रविवार को भक्ति और उत्साह के साथ हुआ। अंतिम दिन सुप्रसिद्ध गायक मालीराम शास्त्री ने मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में कलाकारों के साथ ठाकुर जी के समक्ष गायन-वादन की भावपूर्ण प्रस्तुति दी।
फाल्गुनी भजनों की स्वर लहरियों से सत्संग भवन गुंजायमान हो उठा। राधा और कृष्ण की सुंदर स्वरूप झांकियों ने होली की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। भगवान श्रीकृष्ण की होली खेलने की मनोहारी लीलाओं का मंचन करते कलाकारों ने भजनों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर भक्तों की तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम के दौरान महारास, फूलों की होली और मयूर नृत्य की विशेष प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। चंग और डप की थाप पर कलाकारों ने पारंपरिक होली का जीवंत वातावरण साकार किया। मंदिर परिसर में रंग, गुलाल और भक्ति के संगम ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अरुण चतुर्वेदी एवं घनश्याम तिवाड़ी ने राधा गोविंद देव जी के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे उपस्थित रहे तथा ठाकुर जी के साथ होली खेलने की परंपरा निभाई। फागोत्सव के समापन के साथ ही मंदिर परिसर भक्ति, संगीत और ब्रज संस्कृति के रंगों में सराबोर नजर आया।




















