जयपुर। कानोता थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इलाके में हुई नकबजनी की वारदात करने वाले तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 10 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और विदेशी मुद्रा बरामद की है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) संजीव नैन ने बताया कि कानोता थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इलाके में हुई नकबजनी की वारदात करने वाले अजय सिंह उर्फ गोपी (34) निवासी जामडोली, अजय गुप्ता (27) निवासी सुमेल रोड जामडोली और सूरज प्रजापत (35) निवासी तीतरवाड़ा जिला दौसा (हाल जामडोली) को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे के आदी हैं और चोरी का माल बेचकर या गिरवी रखकर मिले पैसों को नशे में खर्च करते हैं। आरोपी अजय सिंह और अजय गुप्ता के खिलाफ पूर्व में सांगानेर, तूंगा और कानोता थानों में चोरी, किडनैपिंग और आबकारी अधिनियम के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की चेन, अंगूठियां, चांदी के कड़े, पायजेब, चांदी की सिल्ली तथा दुबई और रियाल की विदेशी मुद्रा बरामद की है।
थानाधिकारी मुनीन्द्र सिंह ने बताया कि 14 जनवरी 2026 को परिवादी रमेश चंद बैरवा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 जनवरी को वह अपने घर (आशियाना कॉलोनी) पर ताला लगाकर ससुराल गया था। इसी दौरान अज्ञात बदमाश मकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और सोने की अंगूठियां, चेन, कुंडल, करीब 750 ग्राम चांदी के कड़े, चांदी की ईंट, सिक्के, गुल्लक में रखी नकदी तथा करीब 700 दुबई दिरहम की विदेशी मुद्रा चोरी कर ले गए।
इस घटना के खुलासे के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साधनों की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई और बरामदगी में हेड कांस्टेबल दिलीप सिंह की विशेष भूमिका रही।

















