पुलिस कांस्टेबल को बीस हजार की रिश्वत लेते पकड़ा

0
58

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की स्पेशल यूनिट उदयपुर ने ट्रैप की कार्रवाई करते हुए वृत्त नगर पूर्व की स्पेशल टीम के पुलिस कांस्टेबल नागेन्द्र सिंह को बीस हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। वहीं इस मामले में टीम के अन्य सदस्य शक्ति सिंह (एसआई), अर्जुन सिंह (हेड कांस्टेबल) और अनिल मीणा (कांस्टेबल) की तलाश जारी है।

एसीबी पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसका एकलिंगपुरा अंडरपास के पास प्रताप नगर रोड की ओर कार सर्विस का गैराज है। करीब चार–पांच दिन पहले नागेन्द्र सिंह, शक्ति सिंह, अर्जुन सिंह और अनिल मीणा सादी वर्दी में सरकारी वाहन से उसके गैराज पर पहुंचे और गाड़ियों के बोनट खोलकर जांच की।

उन्होंने परिवादी को चोरी की गाड़ियां काटने, गैराज में नाबालिगों से काम कराने और जीएसटी नहीं भरने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज करने व गैराज सीज कराने की धमकी दी। शिकायत के अनुसार पुलिसकर्मी कार्रवाई नहीं करने और परेशान नहीं करने की एवज में 50 हजार रुपये मासिक रिश्वत मांग रहे थे।

परिवादी के आग्रह करने पर 25 हजार रुपये लेने पर सहमति बनी। इस मामले की सत्यापन कार्रवाई 6 मार्च 2026 को स्पेशल यूनिट उदयपुर के प्रभारी अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजीव जोशी के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक लक्ष्मण डांगी ने की। सत्यापन में आरोपियों द्वारा परिवादी महेंद्र डांगी से 25 हजार रुपये रिश्वत मांगने तथा बाद में 20 हजार रुपये लेने पर सहमति की पुष्टि हुई।

इसके बाद एसीबी टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए नागेन्द्र सिंह को परिवादी से 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्पेशल टीम के अन्य सदस्यों के साथ अक्सर सरकारी वाहन से सर्कल में जाता है। लेकिन घटना के दिन वह अकेले मोटरसाइकिल से आया था। एसीबी के अनुसार स्पेशल टीम के अन्य सदस्य शक्ति सिंह, अर्जुन सिंह और अनिल मीणा की तलाश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here