जयपुर। झोटवाड़ा थाना इलाके में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार डम्पर की टक्कर से बाइक सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया और डंपर चालक को हिरासत में ले लिया।
हेड कांस्टेबल महावीर प्रसाद के अनुसार मुरलीपुरा की न्यू कॉलोनी निवासी विजय सिंह (64) गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे बाइक से निवारू रोड स्थित अपनी बहन के घर जा रहे थे। इसी दौरान दादी का फाटक के पास तेज रफ्तार डम्पर ने पीछे से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। वहीं टक्कर लगने से विजय सिंह बाइक सहित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को बुलाया और उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार हादसे में शामिल डंपर और बाइक को जब्त कर झोटवाड़ा थाना परिसर में खड़ा करवाया गया है। डम्पर चालक बाबूलाल यादव (33) निवासी रेनवाल को पकड़ लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने बताया कि सामने से आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में डम्पर की टक्कर पीछे चल रही विजय सिंह की बाइक से हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



















