जयपुर। खोरा बीसल थाना इलाके में प्याज की फसल के बीच छिपाकर अवैध अफीम की खेती करने का मामला सामने आया है। जयपुर पश्चिम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक खेत से 363 अफीम के पौधे बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त पौधों का कुल वजन करीब 65 किलो 500 ग्राम बताया गया है। पुलिस के अनुसार कई अफीम पौधों के फल पर चीरा लगा हुआ था, जिनसे अफीम का दूध निकल रहा था। इसी दूध को एकत्र कर अफीम तैयार की जाती है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर (पश्चिम) हनुमान प्रसाद ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली कि खोरा बीसल थाना क्षेत्र के गांव किशनपुरा में रामलाल शर्मा अपने खेत में अवैध रूप से अफीम की खेती कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खेत की जांच की।
जांच के दौरान खेत में प्याज की फसल के बीच एक से तीन फीट ऊंचाई के अफीम के पौधे मिले। पुलिस ने मौके पर हल्का पटवारी को बुलाकर जमीन की जांच करवाई। जांच में खेत का खसरा नंबर 687/104 रकबा 0.3376 हेक्टेयर पाया गया, जो राजस्व रिकॉर्ड में रामलाल शर्मा (52) निवासी बस स्टैंड के पास, गांव किशनपुरा के नाम दर्ज है।
पुलिस ने खेत से 363 अफीम के पौधे उखाड़ कर जब्त किए और आरोपी रामलाल शर्मा को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस आरोपी से अवैध मादक पदार्थों की खेती और संभावित तस्करी नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है। जांच में यह भी सामने आया कि रामलाल शर्मा के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं।



















