जयपुर। राजधानी के सी-स्कीम जैसे पॉश इलाके में कैफे की आड़ में चल रहे अवैध हुक्का बार पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। पुलिस आयुक्तालय की स्पेशल टीम (सीएसटी) और अशोक नगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कमला मार्ग स्थित ‘मिरावा कैफे एंड रेस्टोरेंट’ पर छापा मारा । कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से हुक्का बार के मैनेजर को गिरफ्तार किया और भारी मात्रा में नशीला सामान जब्त किया है ।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) अभिजीत सिंह ने बताया कि सीएसटी ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया । पुलिस को सूचना मिली थी कि जी-22 कमला मार्ग स्थित मिरावा कैफे के रूफटॉप पर अवैध रूप से हुक्का बार संचालित किया जा रहा है । सूचना पुख्ता होने पर टीम ने दबिश दी, जहाँ आरोपी मोनू सिंह काउंटर पर बैठा मिला ।
पुलिस ने मौके से 24 हुक्के, 51 रबर पाइप, 8 चिलम और विभिन्न तंबाकू फ्लेवर के 23 डिब्बे जब्त किए हैं । कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद 2 अन्य व्यक्तियों के कोटपा एक्ट के तहत चालान भी काटे गए । पुलिस ने आरोपी मोनू सिंह (32) निवासी भीलवाड़ा (हाल कर्मचारी मिरावा कैफे) को गिरफ्तार किया।



















