श्री खाटू श्याम सेवादार समिति का दो दिवसीय वार्षिकोत्सव आज से

0
45

जयपुर। श्री खाटू श्याम सेवादार समिति, जयपुर के तत्वावधान में दो दिवसीय बाबा श्याम वार्षिकोत्सव एवं भजन रस गंगा का आयोजन 13 और 14 मार्च को किया जाएगा। कार्यक्रम अजमेर रोड स्थित निर्माण नगर के जिंदल गार्डन में आयोजित होगा।

समिति के अनुसार वार्षिकोत्सव का शुभारंभ 13 मार्च को शाम 4:15 बजे कलश यात्रा के साथ होगा। कलश यात्रा श्री राम-शिव-हनुमान मंदिर (शिवाजी पार्क, श्याम नगर पुलिस स्टेशन के पीछे) से रवाना होकर उत्सव स्थल तक पहुंचेगी। यात्रा में 301 महिलाएं एक समान परिधान में सिर पर कलश धारण कर मंगल गीत गाते हुए शामिल होंगी।

कलश यात्रा में हाथी, घोड़ा, ऊंट और बग्गी सहित पारंपरिक लवाजमे के साथ बाबा श्याम को रथ पर विराजमान कर शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। संत-महात्माओं और समाज के गणमान्य लोगों द्वारा पूजा-अर्चना के साथ यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा।

14 मार्च को शाम 4:15 बजे बाबा श्याम का रंग-बिरंगे फूलों से श्रृंगार कर भजन संध्या आयोजित होगी। इसमें भजन गायक संजू शर्मा, रेशमी शर्मा तथा जयपुर के भजन गायक गोपाल सेन, रवि शर्मा, कपिल शर्मा, सागर शर्मा, राहुल पाडिया, आदित्य छीपा, कुमार दया, कुशाल-विशाल और सोमेश जैन भजनों की प्रस्तुति देंगे।

इससे पूर्व गुरुवार को समिति की ओर से बाबा श्याम की सेवा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पोस्टर विमोचन के साथ वार्षिकोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया गया। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि बाबा श्याम की ज्योत के समक्ष चढ़ावे से एकत्रित धनराशि समाज के जनहितकारी कार्यों में खर्च की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here