जयपुर। राजस्थान जैन युवा महासभा के तत्वावधान में सकल दिगम्बर जैन समाज ने जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ (ऋषभदेव) का जन्म कल्याणक महोत्सव गुरुवार को धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर प्रतापनगर सेक्टर-5 स्थित श्री महावीर दिगम्बर जैन मंदिर से 18 किलोमीटर लंबी विशाल वाहन रथयात्रा निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से होती हुई मानसरोवर के मीरा मार्ग स्थित आदिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर और आदिनाथ भवन पहुंचकर संपन्न हुई।
युवा महासभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जैन और प्रदेश महामंत्री विनोद जैन कोटखावदा ने बताया कि सुबह सवा 7 बजे समाजसेवी सुनील पहाडियाँ, कमल सरावगी, दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र श्री महावीर जी के अध्यक्ष सुधांशु कासलीवाल और ज्ञानचंद झांझरी ने जैन ध्वज दिखाकर रथयात्रा का शुभारंभ किया। इससे पहले मंदिर में सामूहिक दर्शन, अभिषेक, शांतिधारा और महाआरती का आयोजन हुआ।
रथयात्रा हल्दीघाटी गेट, टोंक रोड, दुर्गापुरा, महावीर नगर, गोपालपुरा बाईपास, मानसरोवर के मध्यम मार्ग और सिटी पार्क चौराहा होते हुए अग्रवाल फार्म के मीरा मार्ग पहुंची। यहां से भगवान आदिनाथ की प्रतिमा के साथ बैंड-बाजों और भजनों के बीच शोभायात्रा निकाली गई और आदिनाथ भवन में समापन हुआ।
रथयात्रा में भगवान आदिनाथ के जीवन प्रसंगों की झांकियां, 24 तीर्थंकरों के रथ, भरत का भारत की झांकी, भजन मंडलियां, शाही लवाजमा, बैंड-बाजे, डी-जे, विंटेज कारें, झंडे-बैनर और बड़ी संख्या में दोपहिया व चौपहिया वाहन शामिल हुए। देश के 16 तीर्थ क्षेत्रों में स्थापित आदिनाथ भगवान की प्रतिमाओं के चित्र भी जीप रथों पर सजाकर शामिल किए गए। मार्ग में 51 से अधिक दिगम्बर जैन मंदिरों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
कार्यक्रम के मुख्य समन्वयक राजीव जैन गाजियाबाद ने बताया कि लगभग दो किलोमीटर लंबी इस रथयात्रा में बड़ी संख्या में युवा और महिलाएं भक्ति में लीन होकर नृत्य करते हुए शामिल हुए।
मीरा मार्ग स्थित आदिनाथ भवन में आयोजित धर्मसभा में झंडारोहण और भगवान आदिनाथ के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन किया गया। रमा जैन, सुशीला रावका और रश्मि सांगानेरिया ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विनोद जैन कोटखावदा, प्रदीप जैन, राजीव जैन गाजियाबाद और विमल जैन पचेवर ने भगवान आदिनाथ के जीवन और जन्म कल्याणक के महत्व पर प्रकाश डाला।




















