जयपुर। सिंधी समाज के प्रमुख पर्व चेटीचंड के पखवाड़ा कार्यक्रमों के तहत चेटीचंड सिंधी मेला समिति, महानगर जयपुर के तत्वावधान में विशाल सिंधु मेले का आयोजन 15 मार्च 2026 को शाम 5 बजे से आदर्शनगर के दशहरा मैदान में किया जाएगा। अध्यक्ष नरेंद्र मूलचंदानी और महासचिव प्रमोद नावानी ने बताया कि मेले का शुभारंभ भगवान झूलेलाल की प्रतिमा के समक्ष अमरपुरा के संत मोनू साईं द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया जाएगा। साथ ही धर्म ध्वजा फहराई जाएगी।
इस अवसर पर सिंधी संस्कृति और परंपराओं को दर्शाने वाले कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। मेला प्रमुख विजय बालानी ने बताया कि मेले के मध्य में भगवान झूलेलाल का भव्य और मनोहारी मंदिर बनाया जाएगा, जहां श्रद्धालु अपनी आस्था और मनोकामना व्यक्त कर सकेंगे। वरुण अवतार भगवान झूलेलाल जल के देवता है इसलिए इस बार अलौकिक झांकी सजाई जाएगी। पानी की बूंदे भगवान झूलेलाल का अभिषेक करेंगी।
झांकी में फव्वारे चलते दिखेंगे। पर्वत पर भगवान शंकर विराजमान होंगे। भगवान झूलेलाल के पीछे मोर चक्र घूमेगा। शेरों की हिलती गर्दन देख बालक रोमांचित होंगे। कोषाध्यक्ष दीपक वरंदानी ने बताया कि बच्चों के लिए रंग भरो प्रतियोगिता का आयोजन होगा। सभी के लिए विचित्र वेशभूषा का आयोजन होगा। महिलाओं के लिए व्यंजन प्रतियोगिता और पल्लव प्रतियोगिता आयोजित होगी। शहर का प्रसिद्ध सुंदर बैंड मधुर स्वर लहरियां बिखेरेगा।
श्रद्धालुओं को मिलेगा निशुल्क प्रसाद
झांकी सचिव रमेश हरपलानी और पखवाड़ा सचिव अर्जुन मेहरचंदानी ने बताया कि मेले में अमरापुर दरबार की ओर से डोडा चटनी, झूलेलाल मंदिर सिंधी कॉलोनी की ओर से मीठे चावल और छोले और एक श्रद्धालु की ओर से ब्रेड छोले निशुल्क वितरित किए जाएंगे। ख्याति प्राप्त कलाकार मनोज मामनानी सिंधी संगीत की प्रस्तुति देंगे। विभिन्न खानपान की स्टॉल्स लगेंगी। बच्चों के लिए घोड़े की सवारी और झूले का प्रबंध भी किया गया है।
प्रवक्ता तुलसी संगतानी ने बताया कि सामाजिक सरोकार के तहत अंगदान, नेत्रदान और देहदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही स्वस्थ भारत का संदेश दिया जाएगा। संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और नशा मुक्त जीवन का संदेश भी दिया जाएगा। सिंधी समाज में शादी के बाद कई नवविवाहित महिलाओं के नाम बदले जाते हैं उस पर रोक लगनी चाहिए का संदेश भी दिया जाएगा।
एकता रैली का होगा आयोजन
इसी दिन भारतीय सिंधु सभा की ओर से वाहन रैली का आयोजन भी किया जाएगा। संयोजक कमल आसवानी और विष्णु देव सामतानी ने बताया कि सुबह 8 बजे त्रिमूर्ति सर्किल से आरंभ होकर दशहरा मैदान पहुंचेगी। दशहरा मैदान में लाटरी ड्रा भी निकाला जाएगा ।




















