टीडीशेड के कमरों में लगी आग में गैस सिलेंडर फटा

0
61

जयपुर। शहर के मानसरोवर क्षेत्र में रविवार शाम एक प्लॉट में बने टीडीशेड के कमरों में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से कमरे में रखा घरेलू गैस सिलेंडर भी ब्लास्ट हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि समय रहते दमकल की टीम ने आग पर काबू पा लिया और हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

फायर ऑफिसर देवांग यादव ने बताया कि पत्रकार कॉलोनी स्थित गिरिराज नगर में एक प्लॉट में टीडीशेड के चार कमरे बने हुए हैं। रविवार देर शाम अज्ञात कारणों से बंद पड़े इन कमरों में आग लग गई। कुछ ही देर में धुएं के गुबार के साथ आग की लपटें उठने लगीं, जिसे देखकर आसपास के लोगों को आग लगने की जानकारी हुई।

सूचना मिलने पर मानसरोवर फायर स्टेशन से दमकल की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। इसी दौरान कमरे में रखा घरेलू गैस सिलेंडर भी आग की चपेट में आकर ब्लास्ट हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कमरों की दीवार तोड़कर अंदर पहुंच बनाई और करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग से कमरों में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्राथमिक जांच में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here