फायरिंग करने वाले छह बदमाश गिरफ्तार

0
104

जयपुर। शहर के रामनगरिया थाना पुलिस ने जगतपुरा इलाके में आपसी रंजिश के चलते युवक पर फायरिंग करने वाले छह बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने झगड़े के दौरान युवक की तलाश में आकर गाली-गलौज की और बाद में भागते समय फायरिंग कर दी, जिससे एक युवक घायल हो गया।

डीसीपी (पूर्व) संजीव नैन ने बताया कि गुरुवार रात जगातपुरा क्षेत्र में यह वारदात हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रविवार को छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

पुलिस के अनुसार आरोपी राजू वैष्णव का परिचित रवि शर्मा से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते राजू अपने साथियों के साथ होंडा सिटी कार में जयपुर आया और रवि शर्मा की तलाश करने लगा। उसे शक था कि रवि अपने दोस्त गोपाल सिंह के पास हो सकता है, इसलिए आरोपी जगातपुरा स्थित उसकी साइट पर पहुंच गए।

यहां आरोपियों ने गोपाल सिंह से रवि शर्मा के बारे में पूछताछ की। जानकारी देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। हंगामा देखकर साइट पर काम करने वाले युवक भी एकत्र हो गए। इसके बाद आरोपी वहां से कार में बैठकर निकलने लगे।

इसी दौरान भागते समय आरोपियों ने फायरिंग कर दी, जिससे बलराम सिंह के बाएं हाथ में गोली लग गई। वारदात के बाद आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने मामले में राजू वैष्णव उर्फ राज (28) निवासी बसेड़ी, धौलपुर, सुमित कुमार (26) निवासी मलपुरा, आगरा (उत्तर प्रदेश), सुनील रॉय (25) निवासी मलपुरा, आगरा, हरिओम गुर्जर (21) निवासी जगनेर, आगरा, रोहिताश गुर्जर (29) निवासी वैर, भरतपुर और विजय कुमार (21) निवासी कोतवाली, सवाई माधोपुर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी पिस्टल और दो कारतूस भी बरामद किए हैं। मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here