कोटखावदा हत्याकांड: पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

0
56

जयपुर। राजधानी के कोटखावदा थाना इलाके में पिछले दिनों युवक की हत्या के मामले में जयपुर दक्षिण जिला पुलिस और साइबर सेल ने बड़ी सफलता हासिल की है । पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में शामिल चार बाल अपचारियों को निरुद्ध किया गया है । पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं ।

डीसीपी (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि 12 मार्च को बालमुकुंदपुरा (बासड़ा) गांव में पैसों के लेन-देन को लेकर दो गुटों में झगड़ा हो रहा था । इसी दौरान 21 वर्षीय युवक कैलाश मीणा, जो अपने खेत से काम कर लौट रहा था, झगड़े के बीच में आ गया ।

आरोपियों ने उस पर लाठी और पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं । एसएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान 15 मार्च को कैलाश ने दम तोड़ दिया । मृतक के पिता गंगा सहाय मीणा ने इस संबंध में 10-15 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था ।

हत्या के बाद समाज विशेष के लोगों में भारी आक्रोश था और थाने के बाहर प्रदर्शन की चेतावनी दी गई थी । मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल डीसीपी ललित किशोर शर्मा और एसीवी (चाकसू) भवानी सिंह के सुपरविजन में कोटखावदा थाना अधिकारी हेमंत सिंह शेखावत के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया ।

साइबर सेल की तकनीकी मदद और संभावित ठिकानों पर दबिश के बाद पुलिस ने अशोक मीणा (23) निवासी लादू पटेल की ढाणी देहलाला और मनीष मीणा (20) निवासी हीरापुरा कोटखावदा को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि निरुद्ध किए गए चारों बाल अपचारियों को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है। वहीं गिरफ्तार दोनों आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here